Logo
बलौदाबाजार जिले के ग्राम टीला में 27 वर्षीय विवाहिता ने घरेलू विवाद के बाद खेत में आग लगाकर जान दे दी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है। 

कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टीला में एक घटना सामने आई है। यहां 27 वर्षीय विवाहिता ने कथित रूप से पति से अनबन के बाद अपने घर के पीछे खेत में आग लगाकर आत्महत्या कर ली। आग की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतका दिलेश्वरी कुर्रे का विवाह लगभग पांच वर्ष पूर्व हुआ था। उसके दो छोटे बच्चे भी हैं। बताया जा रहा है कि, किसी घरेलू विवाद के चलते उसने यह कदम उठाया, हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।

मामले की गंभीरता से जांच कर रही पुलिस
घटना की सूचना पति द्वारा पलारी थाने में दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच प्रारंभ की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस के अनुसार, मामले में न्यायिक मजिस्ट्रियल जांच के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पलारी पुलिस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रही है।

सीएएफ जवान ने की आत्महत्या
वहीं 17 मार्च को खैरागढ़-छुईखदान जिले के ग्राम उदयपुर स्थित बंद पड़े ऐतिहासिक पैलेस परिसर में सोमवार शाम एक हृदयविदारक घटना सामने आई थी। सील बंद पैलेस परिसर की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) के एक जवान ने अपनी ही सर्विस रायफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

1भिलाई का रहने वाला था जवान
घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतक जवान की पहचान कृपाचंद सोनवानी (38 वर्ष) के रूप में हुई है। वह छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 6वीं बटालियन बुढ़ानभाट में पदस्थ था और मूलतः भिलाई का निवासी बताया जा रहा है।

कारणों की जांच में जुटी में पुलिस
जवान पूर्व विधायक एवं सांसद रहे स्व. देवव्रत सिंह के उदयपुर स्थित सील किए गए पैलेस की सुरक्षा में तैनात था। घटना की पुष्टि पुलिस महानिरीक्षक बालाजी राव ने की है। एसपी लक्ष्य शर्मा ने बताया कि, घटना की जानकारी के बाद पुलिस बल एवं फॉरेंसिक टीम उदयपुर पैलेस पहुंची है और आगे की जांच की जा रही है।

7