Logo
रायपुर जिले के रांवाभाटा इलाके में गैस की कालाबाजारी करने वाले आरोपी को खमतराई पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 16 भरे हुए एलपीजी सिलेंडर बरामद।

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एलपीजी गैस की किल्लत के बीच कालाबाजारी करने वालों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में खमतराई थाना पुलिस ने रांवाभाटा इलाके में दबिश देकर गैस की अवैध बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि रांवाभाटा क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध तरीके से बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा, जहां से आरोपी संजय साव को रंगे हाथों पकड़ा गया।

16 भरे हुए एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद 
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 16 भरे हुए एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद किए हैं, जिन्हें वह अधिक कीमत पर बेचने की तैयारी में था। पुलिस ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया है। खमतराई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

करकोली गांव में अवैध LPG गैस सिलेंडर भंडारण
वहीं 15 मार्च को सूरजपुर जिले में अवैध एलपीजी गैस सिलेंडरों के भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू की थी। खाद्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम लगातार छापेमारी कर रही है। इसी कड़ी में भटगांव तहसील क्षेत्र के करकोली गांव में एक गोदाम पर दबिश देकर बड़ी संख्या में सिलेंडर जब्त किए गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, खाद्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने भटगांव तहसील के करकोली ग्राम स्थित एक गोदाम में छापेमार कार्रवाई की। यह गोदाम महेश गुप्ता नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है, जहां अवैध रूप से एलपीजी गैस सिलेंडरों का भंडारण किया गया था।

123 भरे हुए और 12 खाली सिलेंडर 
छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से कुल 35 नग एलपीजी सिलेंडर जब्त किए। इनमें 23 भरे हुए सिलेंडर और 12 खाली सिलेंडर शामिल हैं। विभाग की टीम ने सिलेंडरों को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

विभिन्न क्षेत्रों से 93 सिलेंडर जब्त
प्रशासन के मुताबिक, जिले में अवैध गैस सिलेंडर भंडारण और कालाबाजारी पर लगातार नजर रखी जा रही है। हाल ही में विभिन्न क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान अब तक कुल 93 सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि, अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण या व्यापार करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

7