Logo
विधानसभा के बजट सत्र में धरसींवा विधायक अनुज ने 56 सवाल उठाकर अवैध प्लॉटिंग, प्रदूषण, किसानों की समस्याएं, शिक्षा, उद्योग और भ्रष्टाचार जैसे अहम मुद्दों पर सरकार को घेरा।

धरसींवा। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में धरसींवा विधायक अनुज शर्मा एक प्रखर जन-प्रतिनिधि के रूप में उभरकर सामने आए हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को सदन पटल पर रखते हुए विधायक अनुज ने कुल 56 प्रश्न उठाये, जिनमें उन्होंने सरकार को विभिन्न विभागीय और जनहित मुद्दों पर घेरा और मंत्रियों से माँगे जवाब। 

विधायक अनुज शर्मा ने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता केवल विकास कार्य नहीं, बल्कि क्षेत्र में व्याप्त विसंगतियों और भ्रष्टाचार को जड़ से मिटाना है। और क्षेत्र की परेशानियों कों जनहित मुद्दों कों सरकार के समझ रखना हैं।

विधायक अनुज नें इन प्रमुख मुद्दे पर सदन में सरकार का ध्यान आकर्षित किया-

अवैध प्लॉटिंग और कब्जा
धरसींवा और आसपास के क्षेत्रों में फल-फूल रहे अवैध प्लॉटिंग के कारोबार और सरकारी जमीनों पर हो रहे कब्जों पर विधायक ने कड़ा रुख अपनाया और दोषियों पर सख्त कार्यवाही की मांग की।

औद्योगिक व जल प्रदूषण
उद्योगों द्वारा फैलाए जा रहे प्रदूषण पर उन्होंने कहा कि क्षेत्र की औद्योगिक कारख़ानों द्वारा बिना किसी उपचार (Treatment) के सीधे जल स्रोतों में एसिड युक्त अपशिष्ट बहाया जा रहा है, जिससे भूमिगत जल जहरीला हो गया है। क्षेत्र के ग्राम पठारीडीह, कुम्हारी, कन्हेरा में एसिड युक्त पानी के कारण न केवल स्थानीय निवासियों को स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं हो रही हैं, बल्कि यह क्षेत्र की कृषि भूमि और पशुधन के लिए भी घातक सिद्ध हो रहा है। धरसीवा के नागरिकों का स्वास्थ्य और जल संसाधनों की शुद्धता मेरी प्राथमिकता है। कारखानों की मनमानी के कारण हमारे जल स्रोत प्रदूषित हो रहे हैं, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मैंने सदन में स्पष्ट मांग रखी है कि प्रशासन इस पर त्वरित संज्ञान ले और प्रभावित क्षेत्रों में जल शुद्धिकरण की व्यवस्था करे।

छत्तीसगढ़ी कलाकारों का सम्मान
प्रदेश के गौरव और कलाकारों की पीड़ा को स्वर देते हुए उन्होंने कहा कि, छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति हमारी पहचान है, लेकिन इसे सहेजने वाले कलाकार आज आर्थिक तंगी और प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार हो रहे हैं। अन्य राज्यों की तुलना में छत्तीसगढ़ के कलाकारों को सरकारी आयोजनों और कार्यक्रमों का भुगतान महीनों, यहाँ तक कि सालों तक नहीं मिल पाता। भुगतान में देरी के कारण लोक कलाकारों के सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो जाता है।बड़े कलाकारों का नाम होता है, लेकिन छोटे दलों के पास साजों-सामान और परिवहन का खर्च निकालने तक के पैसे नहीं बचते। देरी से भुगतान होने के कारण कलाकार कर्ज के जाल में फंस जाते हैं मेरी संस्कृति विभाग से अनुरोध हैं की बाहरी कलाकारों के बजाय प्रदेश के माटी के कलाकारों को मंच और उचित मानदेय दें।

क्रशर प्लांटों में रॉयल्टी चोरी
विधायक ने कहा कि रायपुर जिले के क्रशर प्लांटों में व्यापक स्तर पर रॉयल्टी की चोरी की जा रही है।प्लांटों में जितनी बिजली की खपत हो रही है, वह वहां होने वाले वास्तविक खनन और जमा की गई रॉयल्टी के आंकड़ों से मेल नहीं खाती। यह विसंगति सीधे तौर पर राजस्व की बड़ी हानि की ओर संकेत करती है। क्रशर प्लांटों की बिजली खपत ,खनन की मात्रा' और 'जमा की गई रॉयल्टी' के आंकड़ों का आपस में मिलान (Cross-Verification) किया जाए। 

राज्य के खजाने को नुकसान पहुंचाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
विधायक ने आगे कहा कि, यदि इन तीनों पहलुओं की विस्तृत ऑडिट जांच कराई जाती है, तो बड़े पैमाने पर हो रही रॉयल्टी चोरी का पर्दाफाश होगा। मैं माननीय मुख्यमंत्री जी से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करता हूँ ताकि राज्य के खजाने को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों पर सख्त कार्यवाही की जा सके। खनिज संपदा राज्य की जनता की धरोहर है। कुछ लोग अवैध तरीके से अपनी जेबें भर रहे हैं और सरकार को मिलने वाले राजस्व को नुकसान पहुंचा रहे हैं। यह स्थिति कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 

औद्योगिक सुरक्षा एवं श्रम कानूनों का पालन
विधायक ने निको जायसवाल इंडस्ट्रीज लिमिटेड, सिलतरा में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर तीखे सवाल किए कि क्या नवम्बर 2024 से जनवरी 2025 के बीच ब्लास्ट फर्नेस, पावर प्लांट, स्टील प्लांट और फ्लैट प्रोडक्ट डिवीजन का निरीक्षण किया गया और निरीक्षण के दौरान पाई गई तकनीकी खामियों और श्रम कानूनों के उल्लंघन पर विभाग द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी मांगी गई।

लोक निर्माण विभाग (PWD) धरसींवा में अधोसंरचना विकास
विधायक अनुज शर्मा नें आबकारी मंत्री से प्रदेश की वित्तीय स्थिति और मदिरा बिक्री से प्राप्त आय पर डेटा व राजस्व के साथ-साथ उपकर (Cess) की राशि और उसके उपयोग के संबंध में भी स्पष्टीकरण मांगा गया। धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति पर सवाल उठाए कि वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 में स्वीकृत सड़क, भवन और पुल-पुलिया निर्माण की सूची व स्वीकृत कार्यों की स्थिति की स्पष्ट जानकारी मांगी।

शिक्षा विभाग, स्कूल जतन एवं नवीन निर्माण
विधायक नें शिक्षा के स्तर को सुधारने और स्कूलों की जर्जर स्थिति को देखते हुए समग्र शिक्षा एवं स्कूल जतन योजना के तहत धरसींवा क्षेत्र में स्कूलों के जीर्णोद्धार की क्या स्थिति है और नए स्कूल भवनों और अतिरिक्त कमरों के निर्माण के लिए कितनी राशि आवंटित की गई व क्षेत्र में संचालित अन्य शैक्षणिक योजनाओं के क्रियान्वयन और उनसे लाभान्वित छात्रों का विवरण मांगा।

सड़क सुरक्षा और ड्राइविंग लाइसेंस
सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से सड़कों पर अवैध रूप से खड़े वहनों व अयोग्य एवं अकुशल लोगों को जारी किए जा रहे ड्राइविंग लाइसेंस की प्रक्रिया पर सवाल उठाए और कड़े नियम बनाने का सुझाव दिया।

किसानों के हितों की रक्षा
कृषि पंप कनेक्शन विधायक अनुज शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से धरसींवा क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को साझा करते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 (11-02-2026 तक) के आंकड़े मांगे। उन्होंने पूछा की धरसींवा क्षेत्र में कृषि पंपों के स्थाई और अस्थाई कनेक्शन हेतु कितने आवेदन प्राप्त हुए व अब तक कितने कनेक्शन प्रदान किए गए और कितने आवेदन लंबित या निरस्त हैं।

पर्यावरण संरक्षण: सेरीखेड़ी जलाशय में प्रदूषण
वन मंत्री केदार कश्यप से सवाल करते हुए विधायक ने सेरीखेड़ी जलाशय (धरसींवा) के पास संचालित आर.सी.सी. रेडी मिक्स प्लांटों द्वारा फैलाए जा रहे प्रदूषण और अवैध निर्माण पर सवाल पूछा कि क्या इन अवैध निर्माणों पर कोई कार्रवाई की गई है और क्या यहाँ आर्द्रभूमि (संरक्षण एवं प्रबंधन) नियम 2017 के प्रावधान लागू हैं।

शिक्षा की गुणवत्ता: महाविद्यालयों में रिक्त पदों
विधायक ने धरसींवा क्षेत्र के शासकीय महाविद्यालयों में प्राध्यापकों और स्टाफ के रिक्त पदों का मुद्दा भी सदन में रखा। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षकों की कमी के कारण छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और इन रिक्तियों को तत्काल भरने की मांग की।

AI और डीप फेक का खतरा
आधुनिक तकनीक के दुरुपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने AI डीप फेक वीडियो पर अंकुश लगाने के लिए आवश्यक कानून बनाने और प्रभावी कार्यवाही करने की आवश्यकता पर जोर दिया। विधायक अनुज के विषय पर प्रकाश डाला गया और मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री और विभागी मंत्रियों ने सदन में ही सभीं विषयों में जांच कराने की घोषणा की।  

धरसींवा को आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाने का संकल्प- शर्मा
विधायक अनुज शर्मा ने प्रेस मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि, मेरा लक्ष्य धरसींवा को एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाना है। सदन में पूछे गए ये 56 सवाल केवल आंकड़े नहीं हैं, बल्कि जनता की उम्मीदें हैं। मेरा संकल्प धरसींवा का सर्वांगीण विकास है। चाहे वह किसानों के हक की बात हो, शिक्षा का स्तर सुधारना हो या हमारे जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाना- मैं हर मंच पर अपने क्षेत्र की जनता की आवाज पूरी प्रखरता के साथ उठाता रहूँगा। जब तक हर समस्या का निराकरण नहीं होगा, मैं चैन की सांसे नहीं लूँगा।

7