Logo
लोरमी के ग्राम परसवारा में गबदा बांध के पास नर चीतल का शव मिलने से हड़कंप मच गया। वन विभाग ने ट्रैप कैमरा के आधार पर इसे जंगली जानवर का हमला बताया।

राहुल यादव- लोरमी। छत्तीसगढ़ के लोरमी के ग्राम परसवारा के गबदा बांध के ऊपरी हिस्से में मिले एक नर चीतल के शव का फोटो वायरल होने के बाद सनसनी फैल गई है। वन विभाग ने चीतल की मौत को किसी हिंसक जंगली जानवर के हमले का परिणाम बताया है। वहीं ग्रामीण इसे कुत्तों के झुंड द्वारा शिकार किया जाना बता रहे हैं और मामले में जांच की मांग की है।

वन विभाग के अनुसार, 2 मार्च को चीतल मृत अवस्था में मिला था, जिसके सींग जब्ती पंचनामा पश्चात अवशेष जंगल में छोड़ दिए गए। लोरमी शिवसेना प्रतिनिधि दीपक श्रीवास ने आरोप लगाया कि, चीतल के अवशेष लावारिस हालत में मिले और यह हमला जंगली जानवर का नहीं बल्कि कुत्तों का हो सकता है।

1हमले की पुष्टि ट्रैप कैमरा फुटेज से हुई- एसडीओ 
एसडीओ दशांश सूर्यवंशी ने बताया कि, 3 मार्च को कक्ष क्रमांक 1534 में हिंसक जानवर के हमले की पुष्टि ट्रैप कैमरा फुटेज से हुई है। वायरल हो रही फोटो पुरानी है और 21 मार्च को इस संबंध में कोई नई जानकारी विभाग को प्राप्त नहीं हुई है। परसवारा क्षेत्र पहले भी वन्यजीव शिकार और करेन्ट से बाईसन की मौत जैसे मामलों के कारण संवेदनशील माना जाता है।

भटकी हुई नीलगाय की मौत 
वहीं रविवार को ही बालोद जिले में वन्यजीवों के शहरी क्षेत्रों की ओर भटकने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में एक दुखद मामला सामने आया है, जहां शहर से लगे ग्राम खैरतराई में एक नीलगाय की तालाब में डूबने से मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, यह नीलगाय पास के जंगल से भटककर शहरी इलाके में पहुंच गई थी। शुक्रवार को इसे जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 01 स्थित एक तालाब के पास देखा गया था, जिससे क्षेत्र में लोगों के बीच कौतूहल का माहौल बना हुआ था। हालांकि, अगले ही दिन शनिवार सुबह ग्राम खैरतराई के तालाब में नीलगाय का शव तैरता हुआ मिला।1सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को जानकारी दी। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया गया। प्रारंभिक तौर पर मामला तालाब में घुसने और डूबने से मौत का माना जा रहा है।

पोस्टमार्टम के बाद होगा अंतिम संस्कार
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, नीलगाय के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद नियमानुसार अंतिम संस्कार किया जाएगा। यह पूरा मामला बालोद वन परिक्षेत्र का है। 

7