उमेश सिंह बशिस्ट - धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर के वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक नई और सराहनीय पहल के रूप में ‘सियान गुड़ी’ का शुभारंभ किया गया है। महात्मा गांधी वार्ड स्थित कृदत्त कॉलोनी में शुरू हुआ यह केंद्र बुजुर्गों को न सिर्फ सुविधाएं देगा, बल्कि उन्हें अपनापन, सम्मान और सक्रिय जीवन जीने का अवसर भी प्रदान करेगा।
इस अवसर पर सांसद रूपकुमारी चौधरी, सांसद भोजराज नाग, धमतरी विधायक ओंकार साहू, नगरी-सिहावा विधायक अंबिका मरकाम, महापौर रामू रोहरा एवं कलेक्टर अविनाश मिश्रा मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने इस पहल को बुजुर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला कदम बताया।

बुजुर्गों को मिलेगा घर जैसा माहौल
‘सियान गुड़ी’ को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यहां बुजुर्गों को घर जैसा वातावरण मिल सके। दिन की शुरुआत योग और व्यायाम से होगी, वहीं पौष्टिक नाश्ता, नियमित स्वास्थ्य जांच, फिजियोथेरेपी और दोपहर के भोजन की भी व्यवस्था की गई है।

मनोरंजन और आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर
इस केंद्र में पुस्तकालय, खेलकूद, अध्ययन कक्ष और डिजिटल प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो बुजुर्गों को मानसिक रूप से सक्रिय और आत्मनिर्भर बनाएंगी। यहां वे नई चीजें सीखने के साथ-साथ सामाजिक रूप से भी जुड़े रहेंगे।

कलात्मक सजावट बना रही खास आकर्षण
सियान गुड़ी परिसर की सजावट भी विशेष आकर्षण का केंद्र है। यहां लगाए गए खूबसूरत स्टैचू स्थानीय मूर्तिकार कमलेश कुंभकार और शंकर लाल कुंभकार द्वारा तैयार किए गए हैं, जो वातावरण को सुंदर और सुकूनभरा बनाते हैं।

समाज कल्याण विभाग की नई पहल
समाज कल्याण विभाग की डिप्टी डायरेक्टर मनीषा पांडे के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य बुजुर्गों को सामाजिक रूप से सक्रिय बनाना और उन्हें अकेलेपन से बाहर लाना है।

25 सीट क्षमता, जननी सेवा संस्थान करेगा संचालन
इस केंद्र का संचालन जननी सेवा संस्थान द्वारा किया जा रहा है। संस्थान प्रमुख अश्वनी अन्नपूर्णा गजेंद्र ने बताया कि 25 सीट क्षमता वाले इस केंद्र में महिला और पुरुष दोनों बुजुर्ग दिनभर विभिन्न गतिविधियों में भाग ले सकेंगे।

अतिथियों की राय
रूपकुमारी चौधरी (सांसद): यह केंद्र बुजुर्गों के सम्मान और सुरक्षा की दिशा में सराहनीय पहल है।
भोजराज नाग (सांसद): सियान गुड़ी बुजुर्गों के बेहतर जीवन का मजबूत माध्यम बनेगी।
ओंकार साहू (विधायक): हर क्षेत्र में ऐसे केंद्र बनने चाहिए।
अंबिका मरकाम (विधायक): यह समाज में संवेदनशीलता को बढ़ावा देगा।
रामू रोहरा (महापौर): निगम का प्रयास है कि बुजुर्गों को सभी सुविधाएं एक जगह मिलें।
जानिए ‘सियान गुड़ी’ की खास बातें
▪️ स्थान: कृदत्त कॉलोनी, महात्मा गांधी वार्ड, धमतरी
▪️ क्षमता: 25 सीट
▪️ सुविधाएं: योग, स्वास्थ्य जांच, भोजन, पुस्तकालय, खेल, कंप्यूटर प्रशिक्षण
▪️ संचालन: जननी सेवा संस्थान
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)










