करन साहू - बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भटगांव में 8 फरवरी की रात एक इलेक्ट्रॉनिक और फर्नीचर दुकान में चोरी और आगजनी का मामला सामने आया है। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी दिनेश पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
ऐसे हुई घटना
9 फरवरी की सुबह प्रार्थी जानू केसरवानी ने शिकायत दर्ज कराई कि उन्होंने 8 फरवरी की रात अपनी दुकान बंद करने के बाद सुबह 3 बजे पड़ोसी दुकानदार आलोक सोनी से आग लगने की सूचना पाई। मौके पर पहुँचने पर उन्होंने देखा कि गोदाम में भीषण आग लगी हुई थी, जिसमें झालर लाइट के तीन पैकेट, दो पैकेट इलेक्ट्रॉनिक टॉर्च और दो स्टैंड फैन जलकर नष्ट हो गए।
भटगांव में इलेक्ट्रॉनिक और फर्नीचर दुकान में चोरी और आगजनी करने वाले आरोपी को पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया. @SarangarhDist #Chhattisgarh @SghBghPolice pic.twitter.com/cGTNoZtdmf
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) February 10, 2026
CCTV फुटेज से खुलासा
पास के दुकानदार टिकेश्वर साहू के CCTV फुटेज की जांच में पता चला कि रात करीब 1:32 बजे वार्ड क्रमांक 6 निवासी 26 वर्षीय दिनेश पटेल ने गोदाम का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने न केवल आग लगाई, बल्कि 43 इंच का आई मी कंपनी का LED टीवी और हैवल्स कंपनी का मिक्सर ग्राइंडर भी चुरा लिया। चोरी हुए सामान की कुल कीमत 28,500 रुपये आंकी गई है।
पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी
शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी शिवकुमार धारी, सहायक उपनिरीक्षक बृजमोहन कश्यप और आरक्षक घनश्याम डड़सेना, भूपेंद्र साहू, राहुल खूंटे, खेलावन बघेल तथा लक्ष्मीकांत तन्जय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











