Logo
Delhi Murder Case: दिल्ली के रानी बाग में शादी समारोह में 17 साल के लड़के की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Delhi Murder Case: दिल्ली के रानी बाग इलाके से एक नाबालिग की हत्या का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां पर 17 साल के लड़के की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। मामले के बारे मे पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद शव को कब्जे में ले लिया है। ऐसा सामने आया है कि शादी समारोह में मामूली विवाद के चलते इस हत्या को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है।    

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 17 साल के निखिल यादव के तौर पर हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि निखिल बीती रात शादी समारोह में गया हुआ था, यहां पर कुछ युवकों के बीच खाने को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।

इसी दौरान बीच-बचाव करने के इरादे से नाहरपुर गांव का रहने वाला निखिल वहां पहुंचा, लेकिन आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में निखिल की मौके पर मौत हो गई। इसके अलावा बचाव करने आया एक अन्य युवक भी घायल हो गया। 

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायल को अस्पताल में भर्ती करवा दिया, और मामले के बारे में सूचित कर दिया।  शादी समारोह में हुई इस वारदात से अफरा-तफरी मच गई, वहीं आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

7