Anurag Dobhal: मशहूर यूट्यूबर अनुराग डोभाल उर्फ UK07 राइडर इन दिनों शादी और पारिवारिक विवादों के चलते सुर्खियों में हैं। एक्सीडेंट के बाद वह अस्पताल में भर्ती हैं जहां उनका इलाज चल रहा है। इसी बीच अनुराग और उनकी पत्नी रितिका डोभाल के घर खुशियों ने दस्तक दी है। कपल ने अपने पहले बच्चे का स्वागत किया है और इस खुशखबरी को सोशल मीडिया पर फैंस के साथ शेयर किया।
अनुराग की पत्नी ने दी गुड न्यूज
रितिका ने इंस्टाग्राम पर एक प्यारी सी तस्वीर पोस्ट की, जिसमें नवजात के छोटे-छोटे पैरों की झलक दिखाई गई। इस पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा- "राम नवमी के पावन अवसर पर भगवान ने हमें सबसे अनमोल तोहफा दिया है।" इस खबर के सामने आते ही फैंस और इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने कपल को जमकर बधाइयां दीं।

हालांकि इस पोस्ट के बाद अनुराग की ओर से अब तक कोई भी रिएक्शन सामने नहीं आया है।
शादी से लेकर विवादों तक चर्चा में रहे अनुराग
बता दें कि अनुराग डोभाल पिछले कुछ समय से अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी सुर्खियों में रहे हैं। मई 2025 में उन्होंने अपनी लॉन्ग-टाइम गर्लफ्रेंड रितिका चौहान से शादी की थी। हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक इस शादी को लेकर उनके परिवार की सहमति नहीं थी।
अनुराग ने कई बार सोशल मीडिया पर खुलासा किया कि अलग जाति होने की वजह से उनके परिवार ने इस रिश्ते का विरोध किया। उन्होंने यह भी दावा किया था कि शादी से ठीक पहले परिवार ने उनका साथ छोड़ दिया, जिसके चलते उन्हें कई रस्में बिना परिवार के ही निभानी पड़ीं।
लाइव ड्राइविंग के दौरान एक्सीडेंट में हुए घायल
हाल ही में अनुराग एक विवादित घटना को लेकर भी चर्चा में आए थे, जब उन्होंने इंस्टाग्राम लाइव के दौरान अपनी ‘फाइनल ड्राइव’ का जिक्र किया। बताया गया कि दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर ड्राइव करते वक्त उनकी गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई थी, जिसे लेकर काफी चर्चाएं हुई थीं।
इन सब उतार-चढ़ाव के बीच अब उनके घर आई यह खुशखबरी फैंस के लिए राहत और खुशी लेकर आई है। शादी के कुछ महीनों बाद ही सितंबर 2025 में कपल ने प्रेग्नेंसी की जानकारी दी थी और अब उन्होंने अपने पहले बच्चे का स्वागत कर लिया है।









