Logo
रायपुर जिले के टिकरापारा क्षेत्र में 50 हजार रुपए के लेन-देन विवाद में ठेकेदार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। जिसमें एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में 50 हजार रुपए के लेन-देन विवाद पर ठेकेदार के अंडर काम करने वाले युवक ने चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना टिकरापारा थाना क्षेत्र के रावतपुरा फेस-2 कालोनी की है। 

मिली जानकारी के अनुसार, घटना के दो घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उससे पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है, मृतक तथा आरोपी के बीच लेन-देन के विवाद को लेकर पिछले छह महीने से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बीच युवक ने ठेकेदार पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। ठेकेदार की एम्स में उपचार के दौरान मौत हो गई।

50 हजार रुपए पिछला बकाया गया था लेने 
अजय अग्रवाल (34) की हत्या के आरोप में पुलिस ने डोमेश्वर देवांगन को गिरफ्तार किया है। पुलिस को जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक डोमेश्वर अपना पिछला बकाया 50 हजार रुपए लेने के लिए अजय के पास गया था। अजय ने डोमेश्वर को 10 हजार रुपए देने की बात कही। 

चाकू निकालकर किया ताबड़तोड़ वार 
इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद के दौरान डोमेश्वर ने आवेश में आकर जेब से चाकू निकालकर अजय पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। चाकू के हमले से गंभीर रूप से घायल अजय जमीन पर गिरकर बेदम हो गया। इसके बाद डोमेश्वर मौके से फरार हो गया, जिसे बाद में पुलिस ने पतासाजी कर गिरफ्तार किया।

दोनों के बीच पूर्व में भी हो चुका है विवाद
अजय अग्रवाल मकान, बिल्डिंग निर्माण करने का ठेका लेता था। डोमेश्वर, ठेकेदार को मजदूर उपलब्ध कराने का काम करता था। मजदूरों की मजदूरी राशि अजय से लेकर डोमेश्वर मजदूरों को भुगतान करता था। बताया जा रहा है, मजदूरी भुगतान की 50 हजार रुपए को लेकर दोनों के बीच पिछले पांच-छह महीने से विवाद चल रहा था। अजय, डोमेश्वर को 10 हजार रुपए देने के लिए राजी था। डोमेश्वर, ठेकेदार से पूरे 50 हजार रुपए लेने की जिद पर अड़ा था। इस बात को लेकर पूर्व में दोनों के बीच एक बार विवाद हो चुका है। 

7