haribhoomi hindi news
गिरौदपुरी में 22 से 24 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाले संत समागम एवं गुरुदर्शन मेले की तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर और पहुंचे।

कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। गिरौदपुरी में 22 से 24 फरवरी तक आयोजित होने वाले संत समागम एवं गुरुदर्शन मेले की तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर दीपक सोनी और एसपी भावना गुप्ता पहुंचे। अधिकारियों की बैठक लेकर उन्होंने सभी विभागों को सौंपे गए दायित्वों की समीक्षा की और व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं और मजबूत कानून-व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए ताकि लोग सुखद अनुभव लेकर लौटें। उन्होंने सुरक्षा, पार्किंग, ट्रैफिक, कंट्रोल रूम, सीसीटीवी, वायरलेस सिस्टम, चिकित्सा सुविधा, साफ-सफाई, पेयजल और निर्बाध बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 

सुरक्षा के किये गए कड़े इंतजाम
एसपी भावना गुप्ता ने बताया कि मेले में इस बार 1150 पुलिस जवान तैनात किए जाएंगे। पूरे मेला परिसर में 50 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे जिनकी मॉनिटरिंग मुख्य कंट्रोल रूम से होगी। कुल 9 कंट्रोल रूम बनाए जा रहे हैं तथा 8 स्थानों पर वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है। मेले के दौरान तीन दिन भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और मेला क्षेत्र में शराब व मांस बिक्री पर रोक रहेगी।

मेले मिलेंगी ये सुविधाएं 
मेला परिसर में 9 स्वास्थ्य शिविर, मोबाइल मेडिकल यूनिट, 10 एम्बुलेंस, 10 बिस्तरीय अस्पताल, 8 फायर ब्रिगेड वाहन, 48 पानी टैंकर, 250 अस्थायी नल कनेक्शन, 550 सफाई कर्मचारी, 100 अस्थायी व 80 स्थायी शौचालय, 16 चलित शौचालय, 55 स्नानागार, 18 ट्रांसफार्मर और 10 जनरेटर की व्यवस्था की गई है। दाल-भात केंद्र संचालन के लिए 220 समूहों का चयन किया गया है। कलेक्टर और एसपी ने हेलीपेड, जैतखाम, गुरु मंदिर मार्ग, छाता पहाड़ और सामुदायिक भवन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। 

Collector and SP reviewing the preparations
तैयारियों का जायजा लेते हुए कलेक्टर और एसपी 

वेबसाइट और मोबाइल ऐप लॉन्च
धर्मगुरु बालदास साहेब ने सर्किट हाउस गिरौदपुरी में लैपटॉप के माध्यम से मेले की वेबसाइट और मोबाइल एप लॉन्च किया। इसके जरिए श्रद्धालु भोजन, पेयजल, पार्किंग, चिकित्सा, स्नानघर, शौचालय और अन्य सुविधाओं की जानकारी मोबाइल से आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। मेला स्थल पर जगह-जगह क्यूआर कोड और नक्शे भी लगाए जा रहे हैं।

7