haribhoomi hindi news
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार के लिए लखनऊ और वाराणसी समेत कई जिलों में 'येलो अलर्ट' जारी किया है।

उत्तर प्रदेश में गर्मी ने अपने तेवर कड़े कर लिए हैं और शुष्क मौसम के साथ तेज पछुआ हवाओं के कारण पूरे प्रदेश में तापमान रिकॉर्ड तोड़ रहा है। मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण उष्ण लहर यानी हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की है।

सूरज की तपिश और गर्म हवाओं के कारण दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

​आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ ने पूर्वी और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है। मुख्य रूप से लखनऊ और वाराणसी में तापमान सामान्य से कई डिग्री अधिक रहने का अनुमान है।

इसके अलावा बुंदेलखंड और पूर्वांचल के जिलों जैसे बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज और मिर्जापुर में लू का सबसे ज्यादा असर देखा जा रहा है। पिछले 24 घंटों में बांदा देश के सबसे गर्म शहरों में शुमार रहा है जहाँ पारा 45 डिग्री के पार पहुँच गया।

​मौसम विज्ञानियों के मुताबिक प्रदेश के दक्षिणी भागों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है। राजस्थान की ओर से आने वाली शुष्क हवाएं यूपी की गर्मी को और बढ़ा रही हैं जिससे वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में गर्मी के पुराने रिकॉर्ड टूटने की कगार पर हैं।

दोपहर के समय हवाओं की रफ्तार 18 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुँच सकती है जो शरीर को झुलसाने वाली लू का अहसास कराएगी।

​भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को दोपहर 10 बजे से शाम 5 बजे तक विशेष सावधानी बरतने को कहा है। बहुत आवश्यक न हो तो घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है और बाहर निकलते समय पर्याप्त पानी पीने तथा सूती कपड़ों का इस्तेमाल करने को कहा गया है। गर्मी का असर अब रातों में भी दिखने लगा है जहाँ न्यूनतम तापमान बढ़ने से उमस और बेचैनी बढ़ गई है।

7