राहुल भूतड़ा- बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुरानी दुश्मनी ने हिंसक ले लिया। जहां सुबह-सुबह एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम मटिया बी में 26 वर्षीय हितेश्वर यादव को कुछ युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि, आरोपियों ने युवक को सुबह करीब 6 बजे अकेले में मिलने के बहाने बुलाया और फिर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में युवक के गले और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।
घायल युवक की हालत नाजुक
घटना के बाद घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल बालोद में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
मामले की गहन जांच कर रही पुलिस
वहीं, मामले की सूचना मिलते ही बालोद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
कांग्रेस नेता त्रिलोक श्रीवास के बेटे और दोस्तों पर हमला, एक युवक गंभीर
वहीं कुश हफ्तों पहले बिलासपुर शहर में शाम के वक्त सनसनी फ़ैल गई। दरअसल, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के लखीराम ऑडिटोरियम के पास चाकूबाजी की घटना सामने आई थी। बताया जा रहा है कि, कांग्रेस नेता त्रिलोक श्रीवास के बेटे आदित्य और उसके दोस्तों पर चार युवकों ने अचानक चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चार युवकों से हो गया विवाद
मिली जानकारी के अनुसार आदित्य अपने दोस्तों के साथ भेल खाने के लिए लखीराम ऑडिटोरियम के पास गया हुआ था। इसी दौरान पास में खड़े चार युवकों से उनका विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि, आरोपियों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। हमले में एक युवक को गंभीर चोट आई है, जबकि अन्य को भी हल्की चोटें आई हैं।
पुरानी रंजिश में चाकूबाजी
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि, हमले की वजह पुराना विवाद बताया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।









