Logo
अटल बिहारी वाजपेयी विवि बिलासपुर को नए सत्र के पहले नया कुलपति मिल जाएगा। बिलासपुर विवि के लिए कुलपति चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। 

रायपुर। अटल बिहारी वाजपेयी विवि बिलासपुर को नए सत्र के पहले नया कुलपति मिल जाएगा। बिलासपुर विवि के लिए कुलपति चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अटल बिहारी विवि के वर्तमाल कुलपति प्रो. एडीएन वाजपेयी का कार्यकाल इस माह समाप्त हो रहा है। कुलपति का कार्यकाल समाप्त होने के पर्याप्त समय पहले ही यहां आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई थी। दिसंबर अंत तक आवेदन मांगे गए थे। 

सूत्रों के अनुसार, 64 आवेदन बिलासपुर विवि के प्राप्त हुए थे। इनमें कुलपति बनने की योग्यता रखने वाले राज्य के प्राध्यापकों के साथ-साथ दूसरे राज्यों से भी आवेदन प्राप्त हुए हैं। 9 फरवरी को सर्च कमेटी की बैठक आयोजित की गई। सूत्रों के अनुसार, कुलपति पद के लिए तीन नामों का पैनल तैयार कर राजभवन भेजा गया है। चयनित उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। गौरतलब है कि अटल बिहारी वाजपेयी विवि को अव तक स्थानीय कुलपति नहीं मिल पाया है। दूसरे राज्यों के शिक्षाविदों की ही नियुक्ति कुलपति के रूप में होती रही है। बिलासपुर विवि के साथ-साथ रायगढ़ विवि और पत्रकारिता विवि में भी कुलपति की नियुक्ति होनी है।

पत्रकारिता विवि को एक वर्ष से इंतजार
आवेदन प्रक्रिया समय रहते प्रारंभ हो जाने के कारण बिलासपुर विवि में कुलपति का पद अधिक समय के लिए रिक्त नहीं रहेगा। लेकिन पत्रकारिता विधि में पकुलपति का इंतजार पिछले एक वर्ष से हो रहा है। पूर्व कुलपति प्रो बलदेव भाई शर्मा का कार्यकाल मार्च में समाप्त हो गया था। इसके बाद से प्रभारी कुलपति के भरोसे यहां काम हो रहा है। कुलपति के लिए विज्ञापन जारी कर उसे रद्द किया गया था। नियमों में संशोधन कर पुनः आवेदन मांगे गए। इस कारण भी प्रक्रिया में विलंब हुआ। सूत्रों के अनुसार, यहां भी कुलपति पद के लिए तीन नाम राजभवन भेजे जा चुके हैं। 

अगस्त में विज्ञापन, अब तक नियुक्ति नहीं
नंद‌कुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ़ में भी कुलपति का पद रिक्त है। यहां बीते वर्ष अगस्त माह में आवेदन मांगे गए थे। आवेदन समाप्त हुए कई माह बीत जाने के बाद भी यहां राजभवन कुलपति की नियुक्ति नहीं कर सका है। परीक्षा सहित अन्य आवश्यक कार्यों को छोड़कर विकास संबंधित कार्य यहां भी बाधित है। यहा कुलसचिव का पद भी पांच माह से खाली था. जिस पर बीते दिनों तरूण दीवान की नियुक्ति की गई है। 


 

5379487