Logo
Delhi Metro: दिल्ली मेट्रो के उद्योग भवन स्टेशन का नाम बदल दिया गया है, इसे लेकर केंद्रीय आवास मंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा सूचना दी गई है।

Delhi Metro: दिल्लीवासियों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है। दरअसल दिल्ली मेट्रो के उद्योग भवन स्टेशन का नाम बदल दिया गया है। बताया जा रहा है कि  उद्योग भवन स्टेशन को अब 'सेवा तीर्थ भवन' मेट्रो स्टेशन के नाम से जाना जाएगा। इसे लेकर केंद्रीय आवास मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने जानकारी दी है। 

उद्योग भवन स्टेशन दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन पर है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते दिन शुक्रवार को सेवा तीर्थ कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया था, जिसके बाद मेट्रो स्टेशन का नाम बदलने का ऐलान किया गया है। ऐसा कहा जा रहा है कि नए परिसर में प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), कैबिनेट सचिवालय और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय को ट्रांसफर कर दिया जाएगा।  

पीएम ने इन भवनों का किया उद्घाटन
 

पीएम ने इसी मौके पर कर्तव्य भवन-1 और कर्तव्य भवन-2 का भी उद्घाटन किया है, इन बिल्डिंग्स में वित्त, रक्षा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, शिक्षा, कानून एवं न्याय, कृषि समेत कई अहम मंत्रालयों के कार्यालय काम करेंगे। सेवा तीर्थ कॉम्प्लेक्स का नामकरण औपनिवेशिक दौर की प्रशासनिक व्यवस्था से आगे बढ़कर आधुनिक और एकीकृत शासन प्रणाली की तरफ बदलाव का कदम माना जा रहा है। उद्घाटन के वक्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिल्डिंग पर लगे शिलापट्ट का अनावरण किया, जिस पर  देवनागरी लिपि में ‘सेवा तीर्थ’ लिखा हुआ है, वहीं उसके नीचे आदर्श वाक्य ‘नागरिक देवो भव’ भी है।

अधिकारियों का कहना है कि साल 2014 के बाद से सरकार लगातार औपनिवेशिक प्रतीकों से दूरी बनाए रखने और पहचान देने की दिशा में काम कर रही है। जिसके चलते राजपथ का नाम भी कर्तव्य पथ किया गया, वहीं रेस कोर्स रोड को लोक कल्याण मार्ग का नाम दिया गया, इसके अलावा राज भवन और राज निवास का नाम बदलकर लोक भवन और लोक निवास रख दिया गया है। 


इन मेट्रो स्टेशनों का नाम भी बदला

  • पिंक लाइन पर स्थित मयूर विहार पॉकेट-1 मेट्रो स्टेशन का नाम अब ‘श्री राम मंदिर मयूर विहार' किया गया। 
  • पीतमपुरा स्टेशन का नाम बदलकर ‘मधुबन चौक’ रखा गया। 
  • निर्माणाधीन नॉर्थ पीतमपुरा स्टेशन को ‘प्रशांत विहार मेट्रो स्टेशन’नाम दिया गया। 
  • प्रस्तावित पीतमपुरा नॉर्थ स्टेशन का नाम हैदरपुर गांव मेट्रो स्टेशन रखा गया है। 

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

5379487