कोलंबो। टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप बी मुकाबले में आयरलैंड ने ओमान के खिलाफ सिंहली स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट ग्राउंड पर इतिहास रच दिया। टॉस जीतकर ओमान ने पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन आयरलैंड ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 235 रन बनाकर टी20 अंतरराष्ट्रीय में अपना सर्वोच्च स्कोर खड़ा कर दिया। यह टी20 विश्व कप के इतिहास की भी एक बड़ी पारियों में शामिल हो गया।
आयरलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। टिम टेक्टर और रॉस अडेयर 25 रन तक पवेलियन लौट चुके थे। 45 रन पर हैरी टेक्टर और 64 रन पर कर्टिस कैंफर के आउट होने के बाद टीम 64/4 पर संघर्ष करती दिख रही थी। ऐसे में कप्तान लॉर्कन टकर ने पारी को संभाला और गारेथ डेलानी के साथ मिलकर मैच का रुख बदल दिया।
टकर और डेलानी ने पांचवें विकेट के लिए 56 गेंदों पर 101 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। डेलानी ने 30 गेंदों पर 56 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 4 छक्के शामिल थे। उनके आउट होने के बाद टकर ने जॉर्ज डॉकरेल के साथ आक्रामक अंदाज अपनाया। दोनों ने 19 गेंदों में 50 रन जोड़े। डॉकरेल ने सिर्फ 9 गेंदों पर 5 छक्के जड़ते हुए नाबाद 35 रन बनाए।
कप्तान टकर 51 गेंदों पर 94 रन बनाकर नाबाद लौटे। उन्होंने 10 चौके और 4 छक्के लगाए, लेकिन आखिरी ओवर में स्ट्राइक नहीं मिलने के कारण शतक से चूक गए। 64/4 की मुश्किल स्थिति से 235 रन तक पहुंचना आयरलैंड की जुझारू बल्लेबाजी का शानदार उदाहरण रहा।
टीम को टी20 विश्व कप 2026 में अपनी पहली जीत का इंतजार है, लेकिन इस बड़े स्कोर के साथ आयरलैंड ओमान के खिलाफ मुकाबले में मजबूत दावेदार बनकर उभरी है।











