Logo
बिहार के सासाराम में तिलक समारोह के बाद दूल्हा के भाई समेत पांच लोगों की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया है। शराब से मौत की चर्चा के बीच एक्साइज विभाग ने कुत्ते के काटने की संभावना जताई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Sasaram News: सासाराम में एक तिलक समारोह के बाद 24 घंटे के अंदर दूल्हा के भाई समेत पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतकों में बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के मठिया गांव निवासी लल्लू सिंह के अलावा नासरीगंज थाना क्षेत्र के सबदला गांव से एक व्यक्ति, गरहथा से एक और अकोढ़ीगोला से दो हलवाई शामिल बताए जा रहे हैं। सभी की मौत के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

शराब पीने से मौत की चर्चा
स्थानीय स्तर पर यह चर्चा जोरों पर है कि सभी ने तिलक समारोह के दौरान शराब का सेवन किया था, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ी। हालांकि प्रशासन ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम संबंधित गांवों में पहुंचकर जांच में जुट गई है।

बताया जाता है कि 14 फरवरी की रात भोजपुर जिले के तरारी गांव से मठिया गांव में तिलक कार्यक्रम आया था। कार्यक्रम के बाद लोग अपने घर लौट गए। दो दिन बाद लल्लू सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद अन्य चार लोगों की मौत की खबर सामने आई।

एसपी ने कही जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होने की बात
रोहतास के एसपी रौशन कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों पर स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

एक्साइज विभाग का बयान बना चर्चा का विषय
घटना के बाद उत्पाद विभाग की टीम भी गांव पहुंची। सहायक आयुक्त तारिक महमूद ने जांच के बाद कहा कि परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार कुछ लोगों को कुत्ते ने काटा था, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई। उन्होंने यह भी कहा कि यदि शराब से मौत होती तो कार्यक्रम वाले दिन ही लक्षण दिखाई देते।

हालांकि बिना पोस्टमार्टम रिपोर्ट के इस तरह का बयान सामने आने से लोग हैरान हैं। सभी मृतकों का अंतिम संस्कार पहले ही कर दिया गया है, जिससे अब जांच और जटिल हो गई है।

गांव में दहशत, सच्चाई का इंतजार
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। लोग मौत के असली कारण को लेकर अलग अलग कयास लगा रहे हैं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएगी और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी। फिलहाल पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।

5379487