Logo
बिहार के सारण जिले के मढ़ौरा बाजार में आपसी विवाद में एक सेल्समैन की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

छपरा/मढ़ौरा: बिहार के सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात आपसी विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया। मढ़ौरा बाजार में सरेआम एक दुकान के सेल्समैन की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे बाजार इलाके में दहशत और तनाव का माहौल व्याप्त है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है।

विवाद के बाद ताबड़तोड़ चाकूबाजी
मृतक की पहचान मढ़ौरा खुर्द निवासी मोहम्मद सलीम के रूप में हुई है। सलीम मढ़ौरा बाजार स्थित जहीर हुसैन के 'गुड़िया श्रृंगार स्टोर' पर सेल्समैन के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार की रात करीब 8:30 बजे किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी शुरू हुई। बहस इतनी बढ़ी कि दूसरे पक्ष के तीन लोगों ने आपा खो दिया और सलीम पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

अस्पताल ले जाने के दौरान तोड़ा दम
अचानक हुए इस हमले से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल सलीम को मढ़ौरा रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया गया। हालांकि, जख्म इतने गहरे थे कि छपरा ले जाने के क्रम में रास्ते में ही सलीम की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, 2 गिरफ्तार
घटना की सूचना पाकर मढ़ौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम आसपास के CCTV फुटेज की बारीकी से जांच कर रही है ताकि हमलावरों की पहचान पुख्ता हो सके।

पुलिस ने कुल 4 आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। अब तक 2 संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे कड़ी पूछताछ जारी है। मढ़ौरा थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

इलाके में पुलिस गश्त तेज
वारदात के बाद मढ़ौरा बाजार में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और दावा किया है कि दोषियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

5379487