haribhoomi hindi news
पटना के परसा बाजार में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नशेड़ी चाचा ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर 3 साल की मासूम भतीजी के साथ हैवानियत की। बच्ची एम्स में भर्ती है।

Patna Crime News: बिहार की राजधानी पटना के परसा बाजार थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। एक सगे चाचा ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर अपनी ही 3 साल की मासूम भतीजी को हवस का शिकार बनाया। मिली जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार रात लगभग 11:30 बजे की है, जब बच्ची अपने घर में सो रही थी।

नशे का आदी चाचा दबे पांव घर में घुसा और सोती हुई बच्ची को उठाकर पास के एक खेत में ले गया, जहाँ उसने अपने दो सहयोगियों के साथ मिलकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया।

मछली पालन केंद्र के गार्ड ने बचाई बच्ची की जान
इस खौफनाक वारदात का खुलासा तब हुआ जब गांव का ही एक व्यक्ति अपने मछली पालन के तालाब की रखवाली कर रहा था। आधी रात को बच्ची के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर उसे लगा कि गांव में कोई बच्चा चोर घुस आया है। उसने शोर मचाना शुरू किया, जिससे घबराकर आरोपी मासूम को लहूलुहान हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। शोर सुनकर बच्ची की मां की नींद खुली तो उसने बेटी को बिस्तर पर गायब पाया। खोजबीन के दौरान जब परिजन खेत में पहुंचे, तो बच्ची की हालत देखकर सभी के पैरों तले जमीन खिसक गई।

दो आरोपी गिरफ्तार, एक अब भी फरार
घटना की सूचना मिलते ही परसा बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चाचा समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी मेनका रानी ने बताया कि एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस ने घटनास्थल पर FSL टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पीडी ट्रायल के जरिए दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

पटना एम्स में चल रहा है बच्ची का इलाज
हैवानियत का शिकार हुई मासूम बच्ची को गंभीर हालत में पटना के एम्स (AIIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही न्यायालय में बच्ची और उसकी मां का बयान दर्ज कराया जाएगा।

7