haribhoomi hindi news
बिहार के बांका जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार चार लोग घायल हो गए हैं।

Bihar Road Accident बिहार के बांका जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार चार लोग घायल हो गए हैं।

यह दुर्घटना शनिवार सुबह तारापुर-देवघर मुख्य मार्ग पर जिलेबिया मोड़ के पास हुई। बताया जा रहा है कि भागलपुर जिले के अजगैबीनाथ धाम से गंगा स्नान कर देवघर पूजा के लिए जा रही एक कार अचानक सामने से आ रही बाइक से टकरा गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार तीनों लोग संभल भी नहीं सके और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र के बनरझोप गांव निवासी रुपेश कुमार साह (28), सुरेंद्र साह (46) और बालेश्वर साह (59) के रूप में हुई है।

हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट नीचे जंगल में जा गिरी। कार में सवार पुष्पा कुमारी, प्रिया कुमारी, प्रवीन कुमार गुप्ता और खुशबू कुमारी घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
 

7