haribhoomi hindi news
Delhi Pollution Action Plan: दिल्ली में प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए सीएम रेखा गुप्ता सरकार ने एयर पॉल्यूशन मिटिगेशन एक्शन प्लान-2026' को शुरू कर दिया है।

Delhi Pollution Action Plan: दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए सीएम रेखा गुप्ता सरकार ने 'एयर पॉल्यूशन मिटिगेशन एक्शन प्लान-2026' को शुरू कर दिया है। सरकार ने दावा करते हुए कहा कि ये केवल एक घोषणा नहीं है, बल्कि जमीनी स्तर पर इस प्लान के तहत काम किया जाएगा। सीएम रेखा गुप्ता ने बीते दिन एक बैठक की थी, जिसमें कई मंत्री, अफसर, ट्रैफिक पुलिस और दिल्ली मेट्रो के अधिकारी भी शामिल हुए थे।

बैठक के बाद रेखा गुप्ता ने कहा था कि 'दिल्ली की हवा को साफ करना सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है'।सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि अब राजधानी में 'नो पीयूसी-नो फ्यूल' नियम को सख्ती से लागू किया जाएगा। इस नियम के तहत जिस गाड़ी के पास प्रदूषण जांच का वैध डॉक्यूमेंट नहीं होगा, उसे पेट्रोल या डीजल नहीं दिया जाएगा।

दिल्ली में इन गाड़ियों की नहीं होगी एंट्री

सरकार ने स्पष्ट किया है कि 1 नवंबर 2026 से केवल वो भारी वाहन आ सकेंगे जो बीएस-6, सीएनजी या इलेक्ट्रिक होंगे। इसके अलावा पुराने और ज्यादा धुआं छोड़ने वाले ट्रक और मालवाहक गाड़ियां दिल्ली की सीमा में एंट्री नहीं कर पाएंगे। वहीं जरूरत नहीं होने पर बाहर से आने वाले ट्रैफिक को भी रोक दिया जाएगा।  

दिल्ली में 62 बड़े जाम वाले इलाकों को भी चिन्हित किया गया है, जहां ट्रैफिक ज्यादा देखा गया है। यहां सड़क, ट्रैफिक सिग्नल और पार्किंग में बदलाव होगा, और पूरे शहर में स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम लगाया जाएगा ताकि गाड़ियां जाम में ज्यादा फंसे ना रहे। सरकार ने सार्वजनिक परिवहन पर भी जोर दिया है।

32 हजार ईवी चार्जिंग प्वाइंट लगाने का लक्ष्य

सरकार ने कहा है कि कुछ सालों में ही बसों की संख्या बढ़ाकर 13,760 कर दी जाएगी, जिनमे ज्यादातर इलेक्ट्रिक बसे होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले 4 साल में दिल्ली में 32 हजार ईवी चार्जिंग प्वाइंट लगाए जाएंगे। नई EV पॉलिसी का फोकस बाइक, स्कूटर और कमर्शियल गाड़ियों पर होगा। सड़क पर उड़ रही धूल को कंट्रोल करने के लिए सड़कों पर पानी का छिड़काव, एंटी-स्मॉग गन और मिस्ट स्प्रे मशीनें लगाई जाएंगी। 

70 लाख पेड़ पौधे लगाए जाएंगे

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि कचरे के पहड़ा को खत्म करने का उद्देश्य भी रखा गया है। सरकार ने कहा कि ओखला का लैंडफिल जुलाई 2026 तक, भलस्वा दिसंबर 2026 तक और गाजीपुर दिसंबर 2027 तक खत्म किया जाएगा। कचरा जलाने और बायोमास जलाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा, वहीं नियमों तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि अगले 1 साल में  70 लाख पेड़, पौधे और बांस भी लगाए जाएंगे। हर वार्ड में 'वायु रक्षक' टीम बनाई जाएगी। लोग 311 ऐप और हेल्पलाइन पर प्रदूषण की शिकायत कर सकेंगे। 

दिल्ली /एनसीआर की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें। 

7