haribhoomi hindi news
नीतीश कुमार ने बिहार के सीएम पद से इस्तीफे की तारीख पर बड़ा अपडेट दिया है। दिल्ली पहुंचे नीतीश ने कहा कि वे 3-4 दिन में इस्तीफा देकर अब दिल्ली में ही रहेंगे।

Nitish Kumar resignation: बिहार की राजनीति में एक ऐतिहासिक युग का अंत होने जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद स्पष्ट कर दिया है कि वे जल्द ही सीएम पद की कुर्सी छोड़ देंगे। गुरुवार को दिल्ली पहुंचे नीतीश कुमार ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वे अब दिल्ली की राजनीति पर ध्यान केंद्रित करेंगे और अगले 3-4 दिनों में पटना लौटकर अपना इस्तीफा सौंप देंगे।

'वहां का छोड़कर अब यहीं रहेंगे'
दिल्ली स्थित अपने आवास पर मीडिया से संक्षिप्त चर्चा के दौरान नीतीश कुमार ने अपने भविष्य की योजनाएं साझा कीं। उन्होंने कहा, "मैंने 20 वर्षों तक बिहार की सेवा की है, अब दिल्ली में काम करने की बारी है। इसीलिए मैं यहाँ आ गया हूं। कल राज्यसभा की शपथ लूंगा और 3-4 दिन बाद जब पटना लौटूंगा, तब मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दूंगा।" उनके इस बयान ने बिहार में नेतृत्व परिवर्तन की खबरों पर मुहर लगा दी है।

कल उपराष्ट्रपति दिलाएंगे शपथ
नीतीश कुमार शुक्रवार को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। संसद भवन में दोपहर करीब 12:15 बजे उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इस दौरान जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, विजय चौधरी और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे। नीतीश कुमार 16 मार्च को राज्यसभा के लिए चुने गए थे।

बीजेपी से होगा अगला मुख्यमंत्री
नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बिहार में नई सरकार के गठन की तैयारी तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, एनडीए में हुए समझौते के तहत अगला मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का होगा, जबकि जेडीयू के हिस्से में डिप्टी सीएम का पद आएगा। शुक्रवार को दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में एक हाई-लेवल बैठक होने वाली है, जिसमें नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लग सकती है।

रेस में सबसे आगे सम्राट चौधरी का नाम
बिहार के अगले मुख्यमंत्री के लिए सम्राट चौधरी का नाम सबसे ऊपर चल रहा है। गुरुवार शाम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा भी दिल्ली पहुंच चुके हैं। बीजेपी की बैठक में बिहार के सभी बड़े नेता शामिल होंगे। माना जा रहा है कि पार्टी किसी ऐसे चेहरे को कमान सौंपना चाहती है जो आगामी विधानसभा चुनाव में सोशल इंजीनियरिंग को साध सके।

13 अप्रैल के बाद नई सरकार का गठन
संजय झा के पहले के बयानों और नीतीश कुमार की दिल्ली यात्रा को देखते हुए यह साफ है कि 13 अप्रैल के बाद बिहार में नई सरकार बनाने की औपचारिक प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद एनडीए विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नए नेता का चुनाव किया जाएगा। इसके बाद राज्यपाल के पास सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा।

7