Motihari Gangrape News: बिहार के पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। दिल्ली से अपने दोस्त के साथ सीतामढ़ी जा रही एक नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की वारदात को अंजाम दिया गया है। आरोपियों ने मदद के नाम पर झांसा देकर पीड़िता और उसके दोस्त को बंधक बना लिया और फिर खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। बंजरिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
मदद के बहाने जाल में फंसाया
दिल्ली के डाबरी क्षेत्र की रहने वाली नाबालिग किशोरी अपने उत्तम नगर निवासी दोस्त के साथ 13 मार्च की रात मोतिहारी स्टेशन पहुंची थी। स्टेशन के बाहर जब वे सीतामढ़ी जाने का रास्ता तलाश रहे थे, तभी महमूद नगर निवासी अब्बास आलम और तुफैल आलम ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने रात अधिक होने का हवाला देते हुए सुरक्षित होटल दिलाने का भरोसा दिया और अपनी बाइक पर बैठाकर शहर के सिहुलिया जमला इलाके में एक किराए के मकान में ले गए। वहां आरोपियों ने 600 रुपये किराया तय कर दोनों को एक कमरे में ठहरा दिया।
दोस्त को जान से मारने की धमकी देकर किया दुष्कर्म
वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने शातिर चाल चली। वे किशोरी के दोस्त को यह कहकर बाहर ले गए कि 'मकान मालिक' बुला रहा है। डेढ़ घंटे बाद जब आरोपी वापस लौटे, तो उन्होंने किशोरी को डराया कि उसके दोस्त को पुलिस पकड़कर ले गई है। दरिंदों ने धमकी दी कि यदि उसने शोर मचाया तो वे उसके दोस्त को जान से मार देंगे। इसके बाद अब्बास और तुफैल ने बारी-बारी से किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। करीब डेढ़ घंटे की कैद और प्रताड़ना के बाद, किशोरी का दोस्त पुलिस टीम को लेकर मौके पर पहुंचा और उसे मुक्त कराया।
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे के लिए छापेमारी जारी
बंजरिया थाना के अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि पीड़िता के बयान पर नामजद एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी अब्बास आलम को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। उसकी निशानदेही पर फरार आरोपी तुफैल आलम की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। पुलिस ने पीड़िता की मेडिकल जांच और कोर्ट में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी को जल्द ही न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।