Logo
बिहार के छपरा में जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपी सूरज महतो और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई है। पानापुर-मशरक सीमा पर भागने की कोशिश के दौरान पुलिस की गोली लगने से सूरज घायल हो गया।

Chapra News: छपरा जिले में मशरक जहरीली शराब कांड के बाद पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। शराब कांड के मुख्य आरोपित सूरज महतो को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लगी है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार की सुबह पानापुर और मशरक की सीमा पर स्थित कर्णकुदरिया के पास पुलिस और आरोपी के बीच यह मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस की गोली लगने से सूरज महतो जख्मी हो गया है।

पिस्टल छीनकर फायरिंग और भागने का प्रयास
मिली जानकारी के अनुसार, एसआईटी (SIT) की टीम मशरक शराब कांड के मुख्य आरोपी सूरज महतो को कटिहार से गिरफ्तार कर छपरा ला रही थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस की पिस्टल छीनकर फायरिंग कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया। आरोपी की इस हरकत के बाद पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की।

पैर में लगी गोली, सदर अस्पताल में भर्ती
पुलिस की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में एक गोली सूरज महतो के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में लिया और इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया है, जहाँ फिलहाल उसका उपचार चल रहा है।

पानापुर और मशरक सीमा पर हुई मुठभेड़
यह मुठभेड़ सोमवार की अहले सुबह उस वक्त हुई जब टीम आरोपी को लेकर जिले की सीमा में दाखिल हो रही थी। कर्णकुदरिया के पास हुए इस एनकाउंटर के बाद इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ने हिरासत से भागने के लिए पुलिस बल पर हमला किया था, जिसके बचाव में पुलिस को गोली चलानी पड़ी।

7