Logo
election banner
Yashasvi Jaiswal: भारत और इंग्लैंड के बीच विशाखापत्तनम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन यशस्वी जायसवाल ने अपने टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक लगाया।

Yashasvi Jaiswal: भारत और इंग्लैंड के बीच विशाखापत्तनम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन भी यशस्वी जायसवाल का बल्ला नहीं थमा। पहले दिन 179 रन बनाने वाले भारतीय सलामी बल्लेबाज ने दूसरे दिन अपने टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक लगाया। उन्होंने बाउंड्री से अपना दोहरा शतक पूरा किया। यशस्वी ने 290 गेंदों पर 72.07 की स्ट्राइक रेट से 209 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 19 चौके और 7 छक्के निकले। उनके अलावा पूरी टीम 185 रन ही बना सकी। इसके साथ ही यशस्वी ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी है। यशस्वी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में भारत के लिए दोहरा शतक लगाने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। साथ ही उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। आइए यशस्वी के रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं। 

यशस्वी ने तोड़ा सचिन का रिकॉर्ड

यशस्वी ने क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। 23 साल की उम्र से पहले तक सचिन तेंदुलकर का टेस्ट में सर्वाधिक स्कोर 179 था। वहीं, यशस्वी अब उनसे आगे निकल गए हैं। युवा भारतीय सलामी बल्लेबाज ने टेस्ट में 23 की उम्र से पहले ही दोहरा शतक लगा दिया है।

23 साल की उम्र से पहले हाइएस्ट टेस्ट स्कोर बनाने वाले भारतीय

  • 227 - विनोद कांबली
  • 224 - विनोद कांबली
  • 220 - सुनील गावस्कर
  • 209 - यशस्वी जयसवाल 
  • 179 - सचिन तेंदुलकर
  • 171 - यशस्वी जयसवाल

गावस्कर के क्लब में शामिल हुए
191 रन पर बल्लेबाजी कर रहे यशस्वी ने बेखौफ अंदाज में पहले छक्का और फिर चौका लगाकर अपने दोहरे शतक को पूरा किया। इसके साथ ही वह भारत की ओर से टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाले तीसरे सबसे युवा बल्लेबाज (22 साल 37 दिन) बन गए हैं। इस मामले में पहले नंबर पर विनोद कांबली (21 साल, 35 दिन और 21 साल, 55 दिन बनाम इंग्लैंड और जिम्बाब्वे) हैं। इसके अलावा लिस्ट में दूसरे नंबर पर दिग्गज भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर (21 साल, 283 दिन, बनाम वेस्टइंडीज) हैं। 

दोहरा शतक लगाने वाले चौथे बाएं हाथ के बल्लेबाज
जायसवाल टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाले चौथे भारतीय बाएं हाथ के बल्लेबाज बन गए हैं। सौरव गांगुली ने 2007 में पाकिस्तान के खिलाफ 239 रन बनाए थे। साथ ही विनोद कांबली ने 1993 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 227 और इंग्लैंड के खिलाफ 224 रन बनाए थे। वहीं 2006 में गौतम गंभीर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 206 रन की पारी खेली थी। 

जायसवाल ने लिया 10 पारियों का सहारा
जायसवाल ने टेस्ट में पहला दोहरा शतक लगाने के लिए 10 पारियों का सहारा लिया। अन्य भारतीयों की बात करें तो करुण नायर ने 3, विनोद कांबली ने 4, सौरव गांगुली और मयंक अग्रवाल ने 8-8 और चेतेश्वर पुजारा ने 9 टेस्ट पारियों में अपने टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक लगाया था।

WTC में दोहरा शतक लगाने वाले बल्लेबाज 
यशस्वी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में दोहरा शतक लगाने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले मयंक अग्रवाल ने 2 और रोहित शर्मा, विराट कोहली ने 1-1 बार यह कारनामा किया है। मयंक ने दक्षिण अफ्रीक के खिलाफ 215 और बांग्लादेश के खिलाफ इंदौर में 243 रन बनाए थे। वहीं, विराट कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पुणे में 254* रन और रोहित ने प्रोटियाज टीम के खिलाफ ही रांची टेस्ट में 212 रन की पारी खेली थी।  

22 साल की उम्र में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में दोहरा शतक

  • डॉन ब्रैडमैन- 3
  • ग्रीम स्मिथ- 2
  • जॉर्ज हेडली- 1
  • विनोद कांबली- 1
  • यशस्वी जयसवाल- 1

10 पारियों के बाद किसी भारतीय द्वारा सर्वाधिक टेस्ट रन

  • 880 - विनोद कांबली
  • 831 - सुनील गावस्कर
  • 620 - यशस्वी जयसवाल
  • 605 - मयंक अग्रवाल
  • 570 - चेतेश्वर पुजारा
5379487