Delhi Geyser Blast: दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन इलाके में गीजर में ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में प्रसिद्ध सूफी हजरत ख्वाजा निजामुद्दीन दरगाह के सज्जादनशीं सैयद मोहम्मद निजामी की मौते हो गई। जांच में सामने आया है कि सज्जादनशीं सैयद के घर के बाथरूम में गीजर फटने से आग लग गई, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ है। इस हादसे में सैयद मोहम्मद निजामी की पत्नी भी घायल हुई हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 7 फरवरी शनिवार की शाम को सैयद मोहम्मद के घर के बाथरूम के अंदर गीजर फट गया और आग लग गई। उस दौरान सैयद मोहम्मद बाथरूम में ही मौजूद थे। आग लगने के कारण बाथरूम के अंदर धुआं भर गया और दम घुटने से उनकी मौत हो गई। शाम करीब 5 बजे मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद घर का दरवाजा तोड़कर टीम अंदर दाखिल हुई।
पुलिस जांच में जुटी
टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान 50 वर्षीय मोहम्मद सैयद निजामी और उनकी पत्नी 45 वर्षीय फिदा निजामी को बेसुध अवस्था में पाया। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां सैयद निजामी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, वहीं उनकी पत्नी फिदा निजामी का इलाज चल रहा है। इस हादसे के बाद मोहम्मद सैयद निजामी के चाहने वालों के बीच शोक की लहर है।सैयद मोहम्मद निजामी के मुरीद दूर-दूर से चलकर उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।











