India Vs Pakistan T20 World cup: टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को होने वाला हाई-वोल्टेज मुकाबला अब फिर से पटरी पर लौटता दिख रहा। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के बीच हुई ताजा बातचीत सकारात्मक रही है और मैच के तय शेड्यूल के मुताबिक, होने की उम्मीदें बढ़ गईं हैं।
रिपोर्ट के अनुसार आईसीसी के प्रतिनिधि इमरान ख्वाजा और मुबशिर उस्मानी रविवार सुबह लाहौर पहुंचे, जहां इस मसले पर चर्चा हुई। इससे पहले पाकिस्तान सरकार ने कोलंबो में भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद से ही आईसीसी और पीसीबी के बीच लगातार बातचीत चल रही थी।
आईसीसी ने पीसीबी से यह भी पूछा है कि भारत के खिलाफ मैच से हटने के फैसले को सही ठहराने के लिए 'फोर्स मेज्योर' क्लॉज कैसे लागू किया जा सकता। पीसीबी ने इस फैसले की जिम्मेदारी सरकार पर डालने की कोशिश की थी लेकिन आईसीसी ने साफ जवाब मांगा है कि गतिरोध खत्म करने के लिए बोर्ड ने क्या कदम उठाए।
दरअसल, पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप के मुकाबले में नहीं उतरने का फैसला बांग्लादेश के समर्थन में लिया था। बांग्लादेश ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए भारत में होने वाले वर्ल्ड कप मुकाबलों के लिए यात्रा करने से इनकार किया था, जिसके बाद उनकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया। पाकिस्तान सरकार ने टीम को वर्ल्ड कप खेलने की मंजूरी तो दी है लेकिन भारत के खिलाफ मैच खेलने पर रोक लगा दी थी।
भारत-पाकिस्तान मुकाबला आईसीसी के लिए सबसे बड़ा कमर्शियल आकर्षण माना जाता। इस मैच के रद्द होने की आशंका से ब्रॉडकास्टर्स साझेदारों और आयोजकों को बड़ा नुकसान हो सकता था। श्रीलंका क्रिकेट ने भी पीसीबी को पत्र लिखकर चेतावनी दी थी कि इस मैच के बिना को-होस्ट देश श्रीलंका को भारी आर्थिक नुकसान होगा और टूर्नामेंट की छवि पर भी असर पड़ेगा।
पाकिस्तान टीम अपने मैच कोलंबो और पल्लेकल में खेलेगी और 7 फरवरी को नीदरलैंड्स के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलेगी। फिलहाल आईसीसी और पीसीबी के बीच चल रही बातचीत से उम्मीद जगी है कि क्रिकेट फैंस को आखिरकार भारत-पाकिस्तान का मुकाबला देखने को मिल सकता ।








