Logo
U19 वर्ल्ड कप फाइनल में इंग्लैंड को हराकर भारत बना चैंपियन। BCCI ने विजेता टीम, स्टाफ और सिलेक्शन कमिटी के लिए 7.5 करोड़ रुपये के इनाम का ऐलान किया।

भारत ने शुक्रवार को इंग्लैंड को हराकर अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया। इस शानदार उपलब्धि के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने विश्व कप विजेता भारतीय टीम, टेक्निकल स्टाफ और चयन समिति के लिए कुल 7.5 करोड़ रुपए के कैश अवॉर्ड की घोषणा की है।

बीसीसीआई के सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने शनिवार को X पर पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा- जिम्बाब्वे और नामीबिया में आयोजित अंडर-19 मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम को कुल 7.5 करोड़ रुपए का इनाम दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों, टेक्निकल स्टाफ और सिलेक्शन कमिटी के बीच इनाम की राशि के बंटवारे की प्रक्रिया पर काम किया जा रहा है।

फाइनल में भारत का दमदार प्रदर्शन
हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 411 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की इस ऐतिहासिक पारी के हीरो वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने मात्र 80 गेंदों में 175 रन की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 15 चौके और 15 छक्के जड़े। कप्तान आयुष म्हात्रे ने भी 51 गेंदों में 53 रन बनाकर महत्वपूर्ण योगदान दिया।

इंग्लैंड की पारी लड़खड़ाई
लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 40.2 ओवरों में 311 रन पर सिमट गई। इंग्लैंड की ओर से कैलेब फाल्कनर ने 67 गेंदों में 115 रन की आक्रामक पारी खेली, जिसमें 7 छक्के और 9 चौके शामिल रहे। बेन डॉकिन्स ने 66 रन बनाए, लेकिन इंग्लैंड की टीम भारी लक्ष्य के दबाव में टिक नहीं सकी।

छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड चैंपियन बना भारत
भारत के छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप खिताब जीतने पर बीसीसीआई सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह जीत मजबूत प्लेयर डेवलपमेंट सिस्टम, प्रतिस्पर्धी घरेलू ढांचे, गुणवत्ता कोचिंग और सटीक टैलेंट पहचान प्रक्रिया का परिणाम है। उन्होंने दोहराया कि एज-ग्रुप क्रिकेट बीसीसीआई की प्राथमिकता बना रहेगा और भविष्य में भी इसमें निवेश जारी रहेगा।

 

Image

टीम इंडिया के दिग्गजों ने ऐतिहासिक ICC मेन्स U19 वर्ल्ड कप 2026 जीतने पर इंडिया U19 स्टार्स को दिल से बधाई दी। 

पहले भी मिल चुका है बड़ा इनाम
हालांकि ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप में कोई आधिकारिक प्राइज मनी नहीं देता, लेकिन बीसीसीआई ने हमेशा अपनी जूनियर टीमों को जीत के बाद बड़ा इनाम दिया है।

साल 2022 में यश ढुल की कप्तानी में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम को प्रति खिलाड़ी 40 लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ को 25 लाख रुपये दिए गए थे। वहीं, 2023 और 2025 में अंडर-19 महिला वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम को कुल 5 करोड़ रुपये का संयुक्त इनामी पूल मिला था।

5379487