आईपीएल 2026 शुरू होने से ठीक पहले डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को बड़ा झटका लगा। श्रीलंका के तेज गेंदबाज नुवान तुषारा इस सीजन में नहीं खेल पाएंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीलंका क्रिकेट ने उन्हें नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट देने से इनकार कर दिया।
बताया जा रहा है कि श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने इस बार नया फिटनेस नियम लागू किया। इसके तहत खिलाड़ियों को फ्रेंचाइजी लीग- जैसे आईपीएल और पाकिस्तान सुपर लीग में खेलने से पहले सख्त फिजिकल परफॉर्मेंस टेस्ट पास करना जरूरी। तुषारा इन मानकों पर खरे नहीं उतर पाए, जिसके चलते उन्हें मंजूरी नहीं दी गई।
रिपोर्ट में यह भी साफ किया गया है कि तुषारा किसी चोट से जूझ नहीं रहे हैं, लेकिन उनकी फिटनेस को लेकर बोर्ड संतुष्ट नहीं है। इसी वजह से सेलेक्टर्स ने सख्त रुख अपनाते हुए एनओसी देने से इनकार कर दिया।
हालांकि, श्रीलंका के कई अन्य खिलाड़ी इस टेस्ट को पास कर चुके और उन्हें आईपीएल खेलने की अनुमति मिल गई है। इनमें दुश्मंता चमीरा, दासुन शनाका, पथुम निसांका और कमिंदु मेंडिस शामिल हैं।
तुषारा का आईपीएल करियर अब तक छोटा लेकिन प्रभावशाली रहा। उन्होंने 2024 में डेब्यू किया था और मुंबई इंडियंस और आरसीबी दोनों के लिए खेल चुके। 31 साल के इस गेंदबाज ने अब तक 8 मैचों में 9 विकेट लिए हैं। उनका इकॉनमी रेट 9.43 और औसत 31.44 रहा है।
पिछले सीजन यानी आईपीएल 2025 में तुषारा RCB की चैंपियन टीम का हिस्सा थे। हालांकि उन्हें सिर्फ एक मैच खेलने का मौका मिला, जिसमें उन्होंने एक विकेट लिया था। आरसीबी ने उस सीजन में फाइनल में पंजाब किंग्स को 6 रन से हराकर अपना पहला खिताब जीता था। यह मुकाबला नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया था।
अब आईपीएल 2026 में RCB को अपने खिताब का बचाव करना है लेकिन तुषारा की गैरमौजूदगी टीम की गेंदबाजी को प्रभावित कर सकती है। आरसीबी अपने अभियान की शुरुआत 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में करेगी।
कुल मिलाकर, आईपीएल शुरू होने से पहले विराट की टीम के लिए यह खबर चिंता बढ़ाने वाली है और टीम को अब नए विकल्प तलाशने होंगे।










