Logo
सीधी में गुमठी को लेकर हुए विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में एक यूट्यूबर द्वारा महिला को खुले बाजार में लाठी से पीटते और बाल पकड़कर जमीन पर पटकते हुए देखा जा सकता है।

Sidhi Viral Video : मध्यप्रदेश के सीधी जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल है। वीडियो में एक व्यक्ति महिला को बुरी तरह पीटते हुए नजर आ रहा है। आरोपी की पहचान संतोष पाठक के रूप में हुई है। वह एक यूट्यूबर है। महिला के साथ उसका गुमठी को लेकर विवाद हुआ था। बहस के बाद मामला इतना बढ़ गया कि, संतोष ने पहले महिला को लाठी से पीटा और फिर बाल खींचकर जमीन पर पटक दिया। यह वीडियो कांग्रेस के द्वारा भी शेयर किया गया है। वीडियो के आधार पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा पर कुछ गंभीर आरोप भी लगाए हैं। हालांकि अब तक आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।

गुमठी लगाती है महिला
बताया जा रहा है कि, वीडियो में दिख रही महिला एक गुमठी लगाती है। इसी से उसके परिवार का भरण - पोषण होता है। महिला का आरोप है कि, कुछ दिन पहले संतोष ने गुमठी गायब करवा दी। थाने में शिकायत के बाद भी आरोपी संतोष के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया गया।

बाल पकड़कर महिला को पीटा
रविवार सुबह दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर विवाद हो गया। महिला ने संतोष को चप्पल से मारने का प्रयास किया तो संतोष ने लाठी से उसे पीटा। वायरल वीडियो में जहां महिला गाली देते हुए नजर आ रही है वहीं आरोपी महिला के बाल पकड़कर उसे पीट रहा है। इस दौरान आसपास खड़े लोग वीडियो बना रहे हैं। किसी ने भी बीचबचाव कर महिला को बचाने या विवाद को रोकने का प्रयास नहीं किया। जब संतोष ने महिला को पीट दिया तब एक व्यक्ति ने आगे आकर संतोष को रोका।

मामले को मिला राजनीतिक एंगल
गुमठी को लेकर हुए इस विवाद ने राजनीतिक रूप भी ले लिया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक्स पर वीडियो शेयर कर आरोप लगाया कि, आरोपी भाजपा का नेता है। हालांकि उनके दावे की पुष्टि नहीं हुई है। इधर पुलिस ने वीडियो पर संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कानून के अनुसार आगे की कार्यवाई करने का आश्वासन दिया है।

5379487