PR Sreejesh: पीआर श्रीजेश को मिला सचिन जैसा सम्मान, 16 नंबर की जर्सी रिटायर, हॉकी इंडिया ने दी बड़ी जिम्मेदारी

PR Sreejesh 16 number Jersery Retired
X
PR Sreejesh 16 number Jersery Retired
PR Sreejesh 16 number Jersery Retired: भारतीय हॉकी टीम के गोलकीपर रहे पीआर श्रीजेश को सचिन तेंदुलकर जैसा सम्मान मिला है। उनकी 16 नंबर की जर्सी रिटायर कर दी गई।

PR Sreejesh 16 number Jersery Retired: भारतीय हॉकी टीम के गोलकीपर रहे पीआर श्रीजेश को हॉकी इंडिया ने बड़ा सम्मान दिया है। श्रीजेश की 16 नंबर की जर्सी को रिटायर कर दिया गया है। इतना ही नहीं, श्रीजेश को भारत की जूनियर हॉकी टीम का कोच भी बनाया गया है। हॉकी इंडिया ने बुधवार को ये जानकारी दी।

पीआर श्रीजेश ने हाल ही में खत्म हुए पेरिस ओलंपिक में भारत को हॉकी में लगातार दूसरा ब्रॉन्ज मेडल दिलाने में अहम रोल निभाया था। उन्होंने स्पेन के खिलाफ ब्रॉन्ज मेडल के मुकाबले में आखिरी 1.50 मिनट में तीन पेनल्टी कॉर्नर बचाए थे और उनकी शानदार गोलकीपिंग की वजह से ही भारत ने स्पेन को 2-1 से हराया था और कांस्य पदक जीता था। श्रीजेश ने पेरिस ओलंपिक से पहले ही ये ऐलान कर दिया था कि ये उनका आखिरी टूर्नामेंट होगा।

हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के सम्मान समारोह में कहा, "श्रीजेश अब जूनियर टीम के कोच बनने जा रहे और हम सीनियर टीम के लिए 16 नंबर की जर्सी को रिटायर कर रहे। हम जूनियर टीम के लिए 16 नंबर की जर्सी को रिटायर नहीं कर रहे। जूनियर टीम में श्रीजेश दूसरे श्रीजेश को तैयार करेंगे।"

हॉकी इंडिया द्वारा आयोजित समारोह में भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ियों ने एक जैसी लाल जर्सी पहनी हुई थी, जिसके पीछे श्रीजेश का नाम लिखा हुआ था, जो इस गोलकीपर के प्रति सम्मान दिखाता है। श्रीजेश को हॉकी इंडिया ने 25 लाख रुपये का चेक भी दिया।

श्रीजेश ने भारतीय हॉकी टीम के साथ पेरिस ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने से पहले टोक्यो ओलंपिक में भी कांस्य पदक जीता था। वहीं, श्रीजेश 2022 एशियन गेम्स में गोल्ड, 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत और 2023 एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में गोल्ड मेडल जीतने वाली टीम का हिस्सा भी रहे थे।

खेल जगत में दिग्गज खिलाड़ियों की जर्सी रिटायर करना नहीं बात नहीं है। BCCI ने 2017 में सचिन तेंदुलकर की 10 नंबर की जर्सी को रिटायर करने का फैसला लिया था और 2023 में यही सम्मान पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को दिया गया और उनकी 7 नंबर की जर्सी की भी विदाई कर दी गई।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story