haribhoomi hindi news
Dhammika Niroshana shot dead: श्रीलंका की अंडर-19 क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान धमिका निरोशना की एक अज्ञात हमलावर ने उनके घर में गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस को अबतक हमलावर का सुराग नहीं मिला है।

नई दिल्ली। श्रीलंका के पूर्व अंडर-19 क्रिकेटर धमिका निरोशना की मंगलवार रात (16 जुलाई) एक अज्ञात हमलावर ने उनके घर में गोली मारकर हत्या कर दी। स्थानीय पुलिस के मुताबिक निरोशना को जब गोली मारी गई तब वो घर पर अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ थे। पुलिस को अबतक हमलावर का सुराग नहीं लगा है और इस हत्या के पीछे की वजह क्या है, ये भी अबतक साफ नहीं हुआ है। धमिका श्रीलंका की अंडर-19 टीम के कप्तान रह चुके थे। 

दाएं हाथ के बल्लेबाज और गेंदबाज धमिका ने श्रीलंका की अंडर-19 टीम के लिए साल 2000 में डेब्यू किया था और कई साल तक एज ग्रुप क्रिकेट खेले थे। उन्होंने 2002 में न्यूजीलैंड में हुए अंडर-19 विश्व कप में श्रीलंका की कप्तानी की थी। तब उन्होंने 5 पारियों में 7 विकेट हासिल किए थे। 

धमिका निरोशना गॉल क्रिकेट क्लब,सिंघा स्पोर्ट्स क्लब की तरफ से खेले थे। उन्होंने 12 फर्स्ट क्लास मैच में 19 विकेट लेने के साथ ही 200 रन बनाए थे। वहीं, 8 लिस्ट-ए मैच में उन्होंने 48 रन बनाने के साथ ही 5 विकेट हासिल किए थे। धमिका की हत्या के पीछे का मकसद अभी भी साफ नहीं है और संदिग्ध अभी भी फरार है। अंबालांगोडा पुलिस फिलहाल अपराधी को पकड़ने और हत्या का कारण जानने के लिए गहन जांच कर रही।

बता दें कि भारतीय क्रिकेट टीम को इस महीने के आखिर में श्रीलंका का दौरा करना है। दोनों देशों के बीच 3 वनडे और इतने ही टी20 की सीरीज खेली जानी है। 

7