Logo
election banner
MC Mary Kom Paris Olympics 2024: 6 बार की वर्ल्ड चैंपियन मुक्केबाज पेरिस ओलंपिक में भारतीय दल की अभियान प्रमुख नहीं होंगी। उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

नई दिल्ली। वर्ल्ड चैंपियन मुक्केबाज एमएसी मैरीकॉम शुक्रवार को इस साल गर्मियों में होने वाले पेरिस ओलंपिक के लिए भारतीय दल के शेफ डी मिशन पद से हट गईं। उन्हें बीते हफ्ते ही भारतीय ओलंपिक संघ ने इस जिम्मेदारी के लिए चुना था। 2012 के लंदन ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली मैरीकॉम ने कहा कि वो निजी वजहों से इस पद से हट रही हैं। मैरीकॉम ने भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा, केंद्रीय खेल मंत्रालय और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया को शुक्रवार को ई-मेल करने अपने फैसले की जानकारी दे दी। ये अबतक नहीं पता चला है कि उनका इस्तीफा मंजूर हुआ है या नहीं। 

IOA ने 21 मार्च को 26 जुलाई से शुरू होने वाले पेरिस ओलंपिक के लिए अधिकारियों की घोषणा की थी। मैरी कॉम को शेफ डे मिशन के रूप में चुना गया था, शिवा केशवन को उनका डिप्टी नामित किया गया था। सूत्रों ने कहा कि मैरीकॉम शुरू में यह भूमिका निभाने के लिए राजी नहीं थीं। लेकिन, पीटी उषा और सरकारी अधिकारियों के समझाने के बाद उन्होंने स्वीकार कर लिया।

एक सूत्र ने कहा, "हालांकि, उन्होंने स्थिति का विश्लेषण किया और पद छोड़ने का फैसला किया क्योंकि उन्हें नहीं लगा कि वह व्यक्तिगत कारणों से इस जिम्मेदारी के साथ न्याय नहीं कर पाएंगी।"

शेफ डी मिशन किसी भी ओलंपिक में देश के दल का सबसे अहम प्रशासनिक सदस्य होता है। ये आयोजन समिति के संपर्क में रहता है और एथलीट्स से जुडी सभी सुविधाओं के इंतजाम की जिम्मेदारी उसपर रहती है। कोई विवाद होने की स्थिति में भी खिलाड़ियों की तरफ से वो पक्ष रखता है।

मैरीकॉम ने टोक्यो ओलंपिक में भाग लिया था, जहां वह राउंड ऑफ 16 में हार गईं थीं। 41 वर्षीय मैरी अब ओलंपिक शैली की मुक्केबाजी में पात्र नहीं हैं क्योंकि नियम 40 वर्ष और उससे अधिक उम्र के किसी भी व्यक्ति को प्रतिस्पर्धा करने से रोकते हैं।

5379487