WPL 2026 का आगाज: MI और RCB के बीच ओपनिंग मैच, दो शेरनियां होंगी आमने-सामने

MI vs RCB WPL 2026: मुंबई इंडियंस और आरसीबी के बीच विमेंस प्रीमियर लीग का ओपनिंग मैच होगा।
MI vs RCB WPL 2026: महिला प्रीमियर लीग अब सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं रहा,बल्कि भारतीय महिला क्रिकेट की रीढ़ बनता जा रहा। चौथे सीजन में पहुंच चुका विमेंस प्रीमियर लीग ने न सिर्फ खिलाड़ियों के करियर को नई दिशा दी, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की सफलता में भी बड़ी भूमिका निभाई। पिछले साल भारत का पहला वनडे वर्ल्ड कप जीतना इसी बदलाव की सबसे बड़ी मिसाल है।
WPL में भले ही अभी बड़ी राइवलरी पूरी तरह तय नहीं हुई हों लेकिन मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टक्कर अब एक क्लासिक राइवलरी का रूप लेती दिख रही। इस मुकाबले की सबसे बड़ी पहचान हैं दो कप्तान- हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना।
आईपीएल की तर्ज पर यह भिड़ंत भी बड़े नामों,मजबूत टीमों और हाई-वोल्टेज माहौल से भरपूर है। अब तक दोनों टीमों के बीच हुए मुकाबलों में मुंबई इंडियंस को 4-3 की हल्की बढ़त हासिल है और दोनों ही टीमें एक-एक बार खिताब जीत चुकी।
हरमनप्रीत का सामना स्मृति से होगा
इस बार मुकाबला इसलिए भी खास है क्योंकि हरमनप्रीत और मंधाना डीवाय पाटिल स्टेडियम में लौट रही हैं- वही मैदान,जहां दो महीने पहले भारतीय महिला क्रिकेट का सबसे सुनहरा पल दर्ज हुआ था। इसी मैदान पर भारत ने वर्ल्ड कप जीता था। जीत के बाद हरमनप्रीत और मंधाना का भावुक गले मिलना,खिलाड़ियों का मैदान का चक्कर लगाना और देर रात तक जश्न-ये यादें आज भी ताजा हैं। दोनों कप्तानों ने माना है कि स्टेडियम में कदम रखते ही वो पल आंखों के सामने घूम जाता है।
𝗧𝗵𝗲 𝗰𝘂𝗿𝘁𝗮𝗶𝗻 𝗿𝗮𝗶𝘀𝗲𝗿 💙❤️#TATAWPL 2026 opener is almost here 🥳
— Women's Premier League (WPL) (@wplt20) January 8, 2026
Watch the full Pre-match PC ▶️ https://t.co/MotoWuFlCe #KhelEmotionKa | #MIvRCB | @ImHarmanpreet | @mandhana_smriti pic.twitter.com/1Si53zXiEP
हरमनप्रीत कौर ने डीवाय पाटिल को महिला क्रिकेट का नया केंद्र बताया जबकि मंधाना ने कहा कि यहां हर कोना उस आखिरी कैच की याद दिलाता है। हालांकि दोस्ती बरकरार है लेकिन जैसे ही WPL शुरू होगी, फोकस सिर्फ जीत पर रहेगा। डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस ने अपने पुराने फॉर्मूले-स्थिरता,रोल क्लैरिटी और मजबूत कोर, पर भरोसा बनाए रखा है। टीम ने ऑक्शन से पहले पांच खिलाड़ियों को रिटेन कर अपनी बल्लेबाजी की रीढ़ बचाए रखी। मुंबई का मानना है कि निरंतरता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
आरसीबी को एलिस पेरी की कमी खलेगी
वहीं RCB इस सीजन नई शुरुआत के इरादे से उतरेगी। पिछले साल प्लेऑफ में जगह न बना पाने के बाद टीम में बदलाव और ताजगी दिख रही। स्मृति मंधाना अब भी टीम की पहचान हैं लेकिन एलिस पेरी के बाहर होने से टॉप ऑर्डर में सवाल हैं। हालांकि गेंदबाजी में RCB काफी संतुलित नजर आ रही है।
इस मुकाबले में दो खिलाड़ी खास नजरों में रहेंगी। मुंबई इंडियंस की 17 साल की विकेटकीपर-बल्लेबाज जी कमलिनी, जिन्हें हरमनप्रीत स्पेशल रोल देने की बात कह चुकी हैं। वहीं आरसीबी की श्रेयंका पाटिल, जो चोट से उबरकर WPL में वापसी कर रही हैं और एक बार फिर असर छोड़ने को तैयार हैं।
कैसा होगा पिच का मिजाज?
पिच की बात करें तो डीवायपाटिल में बल्लेबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है। दूसरी पारी में ओस अहम भूमिका निभा सकती है और तेज गेंदबाजों को शुरुआत में हल्की स्विंग मिल सकती है। आंकड़े बताते हैं कि यहां चेज करना थोड़ा आसान रहा है। कुल मिलाकर, हरमनप्रीत बनाम मंधाना की यह टक्कर सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि WPL की बढ़ती पहचान और महिला क्रिकेट की बदलती कहानी का प्रतीक है।
Royal Challengers Bengaluru (probable): 1 स्मृति मंधाना (कप्तान), 2 जॉर्जिया वोल, 3 डी हेमलता/गौतमी नाइक, 4 ग्रेस हैरिस, 5 ऋचा घोष (विकेटकीपर), 6 नादिन डी क्लर्क, 7 पूजा वस्त्राकर/सयाली सतघरे, 8 राधा यादव, 9 श्रेयंका पाटिल, 10 अरुंधति रेड्डी, 11 लॉरेन बेल।
Mumbai Indians (probable): 1 जी कमलिनी (विकेटकीपर), 2 हेले मैथ्यूज, 3 नेट साइवर-ब्रंट, 4 हरमनप्रीत कौर (कप्तान), 5 अमेलिया केर, 6 अमनजोत कौर, 7 पूनम खेमनार, 8 एस सजना, 9 संस्कृति गुप्ता, 10 शबनीम इस्माइल, 11 साइका इशाक।
