haribhoomi hindi news
IPL 2026: गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2026 के लिए ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर मैथ्यू हेडन को बैटिंग कोच बनाया। हेडन टीम के सपोर्ट स्टाफ में आशीष नेहरा, विक्रम सोलंकी और पार्थिव पटेल के साथ काम करेंगे।

IPL 2026: गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2026 से पहले अपनी कोचिंग टीम को मजबूत करते हुए बड़ा फैसला लिया। फ्रेंचाइज़ी ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज ओपनर मैथ्यू हेडन को टीम का नया बैटिंग कोच नियुक्त किया। हेडन अपने दौर के सबसे खतरनाक ओपनिंग बल्लेबाजों में गिने जाते थे। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और बड़े मैचों का अनुभव अब गुजरात टाइटंस के बल्लेबाजों को निखारने में काम आएगा।

गुजरात की सपोर्ट स्टाफ टीम पहले से ही मजबूत मानी जाती है। इसमें मुख्य कोच आशीष नेहरा, डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट विक्रम सोलंकी और सपोर्ट स्टाफ में पार्थिव पटेल शामिल हैं। अब हेडन के जुड़ने से टीम की बैटिंग कोचिंग को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

मैथ्यू हेडन बने गुजरात टाइटंस के बैटिंग कोच
नियुक्ति के बाद मैथ्यू हेडन ने अपने बयान में कहा कि उनकी कोशिश टीम की बल्लेबाजी को और मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा, 'अच्छी बल्लेबाजी विपक्ष पर दबाव बनाती है, लेकिन शानदार बल्लेबाजी पूरे खेल पर कब्जा कर लेती है। गुजरात टाइटंस के साथ हम यही स्तर हासिल करना चाहते हैं।'

डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट विक्रम सोलंकी ने भी हेडन के आने को टीम के लिए अहम कदम बताया। उनका कहना है कि हेडन का अनुभव और युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देने की क्षमता टीम की बल्लेबाजी पहचान बनाने में मदद करेगी। सोलंकी के मुताबिक आने वाले सीजन में गुजरात की बल्लेबाजी और आक्रामक नजर आएगी।

हेडन सीएसके के साथ आईपीएल जीत चुके
मैथ्यू हेडन का अंतरराष्ट्रीय करियर बेहद शानदार रहा है। वह 2 वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा रहे हैं और उन्हें आईसीसी हॉल ऑफ फेम में भी शामिल किया जा चुका है।

आईपीएल में भी उनका रिकॉर्ड यादगार रहा है। हेडन ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए 32 मैच खेले थे। साल 2009 में वह टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने थे, जबकि 2010 में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ आईपीएल खिताब भी जीता था।

हेडन पाकिस्तान के बैटिंग कंसल्टेंट का रोल निभा चुके
कोचिंग के क्षेत्र में भी हेडन अनुभव रखते हैं। वह इससे पहले पाकिस्तान की पुरुष टीम के साथ बैटिंग कंसल्टेंट के रूप में काम कर चुके हैं और कई खिलाड़ियों को तकनीकी सलाह दे चुके हैं। आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने वाली है, हालांकि अभी पूरे टूर्नामेंट का शेड्यूल जारी नहीं किया गया है।

गुजरात टाइटंस की कप्तानी फिलहाल शुभमन गिल के हाथों में है। टीम का प्रदर्शन पिछले कुछ सीजन में उतार-चढ़ाव भरा रहा है। 2024 में टीम आठवें स्थान पर रही थी, लेकिन 2025 में वापसी करते हुए तीसरे स्थान तक पहुंच गई।

गुजरात टाइटंस ने 2022 में अपने पहले ही सीजन में आईपीएल ट्रॉफी जीतकर इतिहास बनाया था, जबकि 2023 में टीम रनर-अप रही थी। ऐसे में हेडन की एंट्री को टीम की बल्लेबाजी को और खतरनाक बनाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

7