Logo
Arshdeep Singh Fined: अर्शदीप सिंह पर आईसीसी ने मैच फीस का 15 फीसदी जुर्माना लगाया है। अर्शदीप ने फाइनल में न्यूजीलैंड के बैटर डेरिल मिचेल की तरफ गेंद फेंकी थी और वो उनके पैड पर जा लगी थी।

Arshdeep Singh Fined: अर्शदीप सिंह पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने जुर्माना लगाया है। भारतीय तेज गेंदबाज को आईसीसी मेंस टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल के दौरान आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया गया। इसके बाद उनकी मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। यह घटना भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले में हुई थी, जो अहमदाबाद में रविवार को खेला गया था।

आईसीसी के मुताबिक अर्शदीप सिंह ने कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.9 का उल्लंघन किया। यह नियम किसी खिलाड़ी द्वारा गेंद या क्रिकेट उपकरण को किसी खिलाड़ी की ओर अनुचित या खतरनाक तरीके से फेंकने से जुड़ा है। घटना न्यूज़ीलैंड की पारी के 11वें ओवर में हुई। अर्शदीप ने अपनी गेंदबाजी के फॉलो-थ्रू में गेंद को फील्ड किया और फिर उसे आक्रामक तरीके से फेंक दिया। यह गेंद न्यूज़ीलैंड के बल्लेबाज डेरिल मिचेल के पैड पर जा लगी।

इस घटना के बाद मैच अधिकारियों ने इसे आचार संहिता का उल्लंघन माना। अर्शदीप के खिलाफ यह कार्रवाई एमिरेट्स आईसीसी एलीट पैनल ऑफ मैच रेफरी के सदस्य एंडी पायक्रॉफ्ट द्वारा प्रस्तावित की गई थी। भारतीय तेज गेंदबाज ने इस सजा को स्वीकार कर लिया, इसलिए इस मामले में किसी औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। मैदान पर मौजूद अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ और एलेक्स वॉर्फ ने यह आरोप लगाया। 

जुर्माने के अलावा अर्शदीप सिंह के रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है। पिछले 24 महीनों में यह उनका पहला अपराध है। आईसीसी के नियमों के अनुसार लेवल-1 के उल्लंघन में खिलाड़ी को आधिकारिक चेतावनी से लेकर मैच फीस के 50 प्रतिशत तक जुर्माना लगाया जा सकता है और एक या दो डिमेरिट पॉइंट भी दिए जा सकते हैं। 

अगर किसी खिलाड़ी के खिलाफ 24 महीने के अंदर चार या उससे ज्यादा डिमेरिट पॉइंट हो जाते हैं, तो उन्हें सस्पेंशन प्वाइंट में बदल दिया जाता है। दो सस्पेंशन पॉइंट होने पर खिलाड़ी को एक टेस्ट मैच या दो वनडे या दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए निलंबित किया जा सकता है। हालांकि फिलहाल अर्शदीप के खिलाफ यह पहला मामला है, इसलिए उन्हें सिर्फ जुर्माना और एक डिमेरिट पॉइंट मिला है।

5379487