20 विश्व कप 2026 में सह-मेजबान श्रीलंका की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार लेग स्पिनर और भरोसेमंद ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा (Wanindu Hasaranga) हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। यह चोट उन्हें रविवार को कोलंबो में आयरलैंड के खिलाफ ग्रुप स्टेज के पहले मुकाबले के दौरान लगी, हालांकि उस मैच में उनका प्रदर्शन शानदार रहा था।
हसरंगा ने उस मुकाबले में चार ओवर में केवल 25 रन देकर तीन अहम विकेट झटके थे और श्रीलंका की 20 रनों की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई थी। लेकिन मैच के बाद बढ़ी तकलीफ के चलते सोमवार को उनका MRI स्कैन कराया गया, जिसमें बाएं हैमस्ट्रिंग में गंभीर टियर की पुष्टि हुई। रिपोर्ट UK के स्पेशलिस्ट्स को भेजी गई, जिन्होंने मंगलवार को उन्हें पूरे टूर्नामेंट से बाहर घोषित कर दिया।
श्रीलंका को बल्लेबाजी पर भी पड़ेगा असर
यह खबर श्रीलंका के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है। हसरंगा मौजूदा दौर के सर्वश्रेष्ठ टी20 स्पिनरों में गिने जाते हैं और निचले क्रम में उनकी आक्रामक बल्लेबाजी कई बार टीम को मुश्किल हालात से निकाल चुकी है। टी20 विश्व कप के इतिहास में वह दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं, ऐसे में उनका बाहर होना गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी पर भी असर डाल सकता है, क्योंकि वो एक ऑल-राउंडर खिलाड़ी हैं।
हसरंगा की जगह टीम में कौन लेगा जगह
अब टीम प्रबंधन उनकी जगह 31 वर्षीय लेग स्पिनर दुशान हेमंथा (Dushan Hemantha) को शामिल करने पर विचार कर रहा है। हेमंथा ने अब तक श्रीलंका के लिए तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने चार विकेट लिए हैं। उनकी गेंदबाजी शैली हसरंगा से मिलती-जुलती मानी जाती है और वह निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी का विकल्प भी दे सकते हैं, हालांकि ICC की औपचारिक मंजूरी के बाद ही रिप्लेसमेंट की पुष्टि होगी।
घरेलू मैदानों पर खेले जा रहे इस विश्व कप में श्रीलंका को पहले से ही मजबूत दावेदार माना जा रहा था, लेकिन हसरंगा की गैरमौजूदगी उनकी रणनीति और संतुलन को प्रभावित कर सकती है। अब देखना होगा कि टीम इस बड़े झटके से कैसे उबरती है और नए विकल्पों के साथ अपनी विश्व कप मुहिम को किस तरह आगे बढ़ाती है।











