haribhoomi hindi news
hardik pandya fitness update: हार्दिक पांड्या वायरल बुखार के कारण दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच नहीं खेले। उनकी गैरमौजूदगी में मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से हार मिली थी। वह जल्द फिट होकर अगले मैच में वापसी कर सकते हैं।

hardik pandya fitness update: मुंबई इंडियंस को आईपीएल 2026 के मुकाबले में बड़ा झटका तब लगा, जब टीम के कप्तान हार्दिक पंड्या दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में प्लेइंग-11 का हिस्सा नहीं थे। उनकी गैरमौजूदगी ने फैंस और टीम दोनों को चौंका दिया।

हार्दिक की जगह टीम की कमान सूर्यकुमार यादव ने संभाली। टॉस के दौरान सूर्यकुमार ने बताया कि हार्दिक पूरी तरह फिट नहीं हैं और अस्वस्थ होने के कारण उन्हें आराम दिया गया है। उन्होंने कहा कि कप्तान की तबीयत ठीक नहीं थी, इसलिए टीम मैनेजमेंट ने कोई जोखिम नहीं लिया।

हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी का असर टीम के प्रदर्शन पर भी साफ दिखा। मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 163 रन का स्कोर खड़ा किया, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स ने इस लक्ष्य को 18.1 ओवर में हासिल कर लिया। इस मुकाबले में समीर रिजवी ने शानदार 90 रन की पारी खेलकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

हार्दिक की सेहत को लेकर बाद में जो जानकारी सामने आई, उसमें राहत की खबर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह किसी गंभीर चोट का शिकार नहीं हैं, बल्कि वायरल बुखार से परेशान थे। इसी वजह से उन्होंने मैच से पहले दो ट्रेनिंग सेशन भी मिस किए थे, जिससे उनकी फिटनेस को लेकर सवाल उठने लगे थे।

हालांकि टीम मैनेजमेंट ने एहतियात के तौर पर उन्हें आराम देने का फैसला किया। बताया जा रहा है कि हार्दिक टीम के साथ दिल्ली पहुंचे थे, लेकिन उनकी हालत को देखते हुए उन्हें मैदान में नहीं उतारा गया। अब उनकी तबीयत में सुधार हो रहा है और वह जल्द ही ट्रेनिंग शुरू कर सकते हैं।

मुंबई इंडियंस के लिए हार्दिक पांड्या का फिट रहना बेहद जरूरी है। वह टीम को बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में संतुलन देते हैं और उनकी कप्तानी भी टीम के लिए अहम है।

अब मुंबई इंडियंस का अगला मुकाबला राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 7 अप्रैल को गुवाहाटी में खेला जाएगा। राजस्थान टीम इस समय शानदार फॉर्म में है और रियान पराग की कप्तानी में अपने शुरुआती दोनों मैच जीत चुकी है।

ऐसे में मुंबई इंडियंस की नजर हार्दिक पांड्या की फिटनेस पर रहेगी। टीम उम्मीद कर रही है कि वह जल्द पूरी तरह फिट होकर मैदान पर वापसी करेंगे और अगले मुकाबले में टीम को मजबूती देंगे।

7