IPL 2025 Retention: 5 कप्तानों की ही हो गई छुट्टी, विराट-रोहित से महंगे हेनरिक क्लासेन, जानें रिटेंशन की 5 बड़ी बातें

IPL 2025 Retention list
X
IPL 2025 Retention list
IPL 2025 Retention: आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले सभी 10 टीमों ने रिटेन और रिलीज खिलाड़ियों की लिस्ट जारी कर दी। इसमें कई चौंकाने वाली बातें देखने को मिली। 4 बड़ी टीमों ने तो कप्तानों को ही रिटेन नहीं किया। इसके अलावा हेनरिक क्लासेन सबसे महंगे रिटेन खिलाड़ी बने।

IPL 2025 Retention: आईपीएल 2025 के लिए मेगा ऑक्शन से पहले सबकी नजरें इस बात पर थी कि कौन सी फ्रेंचाइजी किस खिलाड़ी को रिटेन करती है। कुछ कप्तानों के भविष्य को लेकर भी सवाल थे, जिसका जवाब रिटेंशन से मिलना था, जो मिल भी गया। सभी 10 टीमों ने अपने रिटेन खिलाड़ियों की लिस्ट जारी कर दी। इसमें कई चौंकाने वाली बात देखने को मिली।

इस रिटेंशन की बड़ी बातें क्या रहीं, आइए आपको बताते हैं। आईपीएल 2025 से पहले रिटेंशन लिस्ट में सबसे चौंकाने वाली बात कप्तानों को देखने को मिली।

5 कप्तानों की हुई छुट्टी
आईपीएल कप्तानों के लिए रिटेंशन बुरा ही साबित हुआ। 10 में से आधी टीमों ने अपने कप्तानों की छुट्टी कर दी। यानी आधे कप्तान भी अपनी साख नहीं बचा पाए। सबसे चौंकाने वाला फैसला कोलकाता नाइट राइडर्स ने लिया। केकेआर ने पिछले सीजन में टीम को चैंपियन बनाने वाले श्रेयस अय्यर को रिटेन नहीं किया। केकेआर ने पिछले सीजन में श्रेयस को 12.25 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट दिया था। लेकिन, इस बार श्रेयस को रिटेन तक नहीं किया।

केकेआर ने 6 प्लेयर्स को रिटेन किया। इनमें सबसे अधिक पैसों में रिंकू सिंह (13 करोड़) में रिटेन किया। ऐसी खबर आ रही है कि रिटेन रकम को लेकर श्रेयस अय्यर और कोलकाता का टीम मैनेजमेंट एकमत नहीं था। शायद इसी वजह से श्रेयस को रिटेन नहीं किया गया।

श्रेयस अय्यर के अलावा ऋषभ पंत, केएल राहुल, फाफ डुप्लेसी और शिखर धवन भी रिटेन नहीं हुए। पंत ने पिछले सीजन में ही सड़क हादसे से उबरने के बाद आईपीएल के जरिए प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में कमबैक किया था। उन्होंने पिछले सीजन में अच्छी बल्लेबाजी भी की थी और कप्तानी भी की थी। हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स में मैनेजमेंट के बार-बार बदलाव की वजह से पंत किनारे हो गए। वहीं, 40 साल से ज्यादा हो चुके फाफ डुप्लेसी को भी आरसीबी ने रिटेन नहीं किया। पंजाब किंग्स की पिछले साल कप्तानी करने वाले शिखर धवन संन्यास ले चुके हैं।

विराट-रोहित से ज्यादा महंगे क्लासेन
आईपीएल 2025 के लिए रिटेन किए गए कुछ प्लेयर्स पर जमकर धनवर्षा हुई। इसमें सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलने वाले साउथ अफ्रीकी बैटर हेनरिक क्लासेन पहले नंबर पर हैं। क्लासेन को हैदराबाद ने 23 करोड़ रुपये में रिटेन किया। उन्हें विराट और रोहित शर्मा से भी ज्यादा पैसा मिला। विराट को 21 करोड़ तो रोहित को मुंबई इंडियंस ने 16.30 करोड़ में रिटेन किया। लखनऊ सुपर जायंट्स के निकोलस पूरन भी रोहित-विराट से महंगे रहे। पूरन को लखनऊ टीम ने 21 करोड़ में रिटेन किया।

किन खिलाड़ियों की सैलरी सबसे ज्यादा बढ़ी
आईपीएल रिटेंशन लिस्ट में कुछ खिलाड़ियों पर सही मायनों में लक्ष्मी की कृपा बरसी। पिछले सीजन में लाखों सैलरी पाने खिलाड़ी रातों-रात करोड़ों की सैलरी पर रिटेन हो गए। राजस्थान रॉयल्स के विकेटकीपर बैटर ध्रुव जुरेल की सैलरी सबसे ज्यादा बढ़ी। उन्हें 2022 में राजस्थान रॉयल्स ने 20 लाख की बेस प्राइस में खरीदा था। पिछले सीजन में भी उनकी इतनी ही सैलरी थी। लेकिन, इस बार फ्रेंचाइजी ने उन्हें 14 करोड़ में रिटेन किया। यानी 6900% का फायदा हुआ।

इसके बाद मथिशा पथिराना हैं। उन्हें भी चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 लाख में खरीदा था। लेकिन आईपीएल 2025 के लिए 13 करोड़ में रिटेन किया। यानी उनकी सैलरी में 6400% का इजाफा हुआ। रजत पाटीदार को भी आरसीबी ने 20 लाख से 11 करोड़ रुपये में रिटेन किया।

कप्तानों ने दी अपनी सैलरी की कुर्बानी
आईपीएल 2025 के लिए कम से कम 3 कप्तानों ने अपनी टीम में रहने के लिए सैलरी की कुर्बानी दी। इसमें सबसे बड़ा नाम हार्दिक पंड्या हैं, जिन्हें पिछले साल मुंबई इंडियंस ने अपना कप्तान बनाया था। लेकिन, इस सीजन में उन्हें जसप्रीत बुमराह (18 करोड़) से कम 16.35 करोड़ रुपये बतौर सैलरी मिलेंगे।

वहीं, गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल को राशिद खान से कम पैसा मिलेगा। गिल को गुजरात ने 16.50 करोड़ में रिटेन किया है जबकि राशिद खान को 18 करोड़ मिलेंगे। इसके अलावा सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस की सैलरी में भी कटौती हुई है। उन्हें हेनरिक क्लासेन (23 करोड़) से कम पैसा मिलेगा। कमिंस को 18 करोड़ में हैदराबाद ने रिटेन किया।

केवल 3 स्पेशलिस्ट स्पिनर ही हुए रिटेन
हाल के वर्षों में, टीमें उन स्पिनरों पर बड़ा खर्च करने से कतराती रही हैं जो बल्ले से भी अच्छा प्रदर्शन नहीं करते हैं, और यह सिलसिला रिटेंशन में भी दिखा। 46 रिटेंशन में से, कुलदीप यादव, रवि बिश्नोई और वरुण चक्रवर्ती केवल तीन ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें केवल उनकी स्पिन गेंदबाजी के लिए रिटेन किया गया है। रवींद्र जडेजा, राशिद खान, अक्षर पटेल और सुनील नरेन चार स्पिन-गेंदबाजी ऑलराउंडर हैं जिन्हें रिटेन किया गया है। नीलामी में जाने वाले अनुभवी स्पिनरों में युजवेंद्र चहल, आर अश्विन, महेश दीक्षा और राहुल चाहर शामिल हैं।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story