haribhoomi hindi news
गुजरात टाइटंस के स्पिनर राशिद खान पिता बने हैं। उन्होंने अपने बेटे के जन्म की जानकारी सोशल मीडिया पर दी। केकेआर के खिलाफ मैच में अहम विकेट लेकर जीत दिलाई थी।

अफगानिस्तान के स्टार ऑलराउंडर राशिद खान के लिए आईपीएल 2026 का यह दौर बेहद खास बन गया। एक तरफ उन्होंने मैदान पर शानदार प्रदर्शन किया, तो दूसरी ओर निजी जिंदगी में भी बड़ी खुशखबरी मिली। राशिद खान पिता बन गए। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपने बेटे अज़लान के जन्म की जानकारी दी।

राशिद ने अपने पोस्ट में एक प्यारी तस्वीर शेयर की, जिसमें एक लकड़ी की प्लेट पर लिखा था- हेलो वर्ल्ड, माय नेम की अजलान खान। इस खास पल को साझा करते हुए उन्होंने लिखा, 'अल्हम्दुलिल्लाह, मेरे छोटे राजकुमार का स्वागत है।' साथ ही उन्होंने फैंस से अपने परिवार के लिए दुआ करने की अपील भी की। इस पोस्ट के बाद क्रिकेट जगत से उन्हें ढेरों बधाइयां मिलीं।

निजी खुशी के साथ-साथ राशिद का मैदान पर प्रदर्शन भी चर्चा में रहा। गुजरात टाइटंस की ओर से खेलते हुए उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में अहम भूमिका निभाई। इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने 5 विकेट से जीत दर्ज की।

केकेआर की पारी में कैमरन ग्रीन ने 55 गेंदों पर 79 रनों की दमदार पारी खेली और टीम को संभालने की कोशिश की। लेकिन राशिद खान ने आखिरी गेंद पर उनका विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया। इस अहम विकेट की वजह से केकेआर का स्कोर 180 रन तक ही सीमित रह गया।

इससे पहले गेंदबाजी में कगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज ने शानदार शुरुआत दिलाई और पावरप्ले में केकेआर को 37/3 पर रोक दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस के लिए कप्तान शुभमन गिल ने 86 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी में आठ चौके और चार छक्के शामिल रहे। उन्होंने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई और जीत की नींव रखी। अंत में Jos Buttler ने तेज रन बनाकर टीम को पांच विकेट से जीत दिला दी।

इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस ने सीजन में अपनी तीसरी जीत दर्ज की। राशिद खान के लिए यह दिन हर मायने में खास रहा—एक ओर वह पिता बने, तो दूसरी ओर मैदान पर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।

7