haribhoomi hindi news
संजू सैमसन ने केरल में एक फैन को 40 हजार का स्मार्टफोन गिफ्ट किया। सड़क किनारे हुई मुलाकात में सैमसन ने फैन से बातचीत कर फोटो भी खिंचवाई।

केरल की एक सड़क किनारे हुई मुलाकात ने एक क्रिकेट फैन की जिंदगी का यादगार पल बना दिया। संजू सैमसन ने अपने एक फैन को नया स्मार्टफोन गिफ्ट कर सबका दिल जीत लिया। यह घटना पलक्कड़ जिले में मुंडूर-थूथा रोड पर पंचप्पडम स्कूल के पास हुई, जहां सैमसन कुछ देर के लिए रुके थे।

रिपोर्ट के मुताबिक, सैमसन कोझिकोड से कोयंबटूर जा रहे थे। शाम करीब 5:15 बजे उन्होंने एक फोन कॉल लेने के लिए अपनी कार रोकी। इसी दौरान कटम्पाझीपुरम के केबल तकनीशियन शबरीश अपने दोस्त मणिकंदन के साथ पास के मैदान में क्रिकेट खेलने जा रहे थे। रास्ते में खड़ी कार में उन्हें कोई जाना-पहचाना चेहरा दिखा। उत्सुकता में दोनों वापस लौटे और करीब जाकर देखा तो वह सैमसन ही थे।

सैमसन ने फैन को गिफ्ट किया फोन
उस वक्त सैमसन वीडियो कॉल पर थे, उन्होंने इशारे से दोनों को इंतजार करने को कहा। कॉल खत्म होने के बाद उन्होंने दोनों से बात की, हालचाल पूछा और फोटो खिंचवाने की पेशकश भी की। शबरीश ने अपने मोबाइल से सेल्फी ली, लेकिन उसका फोन खराब था और डिस्प्ले टूटा हुआ था। यह देखकर सैमसन ने अपनी कार से एक नया स्मार्टफोन निकाला और शबरीश को गिफ्ट कर दिया। बताया जा रहा है कि इस फोन की कीमत करीब 40 हजार रुपये है।

सैमसन ने दिखाई दरियादिली
कुछ मिनट की बातचीत के बाद सैमसन वहां से निकल गए, लेकिन उनका यह छोटा सा जेस्चर शबरीश और उनके दोस्तों के लिए जिंदगी भर की याद बन गया। सोशल मीडिया पर भी यह खबर वायरल हो रही और लोग सैमसन की दरियादिली की तारीफ कर रहे हैं।

सीएसके के लिए सैमसन का प्रदर्शन फीका
दिलचस्प बात यह है कि यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब सैमसन मैदान पर संघर्ष कर रहे। हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप के आखिरी मुकाबलों में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को खिताब बचाने में अहम भूमिका निभाई थी। लेकिन आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए उनका प्रदर्शन अब तक फीका रहा है।

पीली जर्सी में सैमसन ने शुरुआती तीन मैचों में सिर्फ 6, 7 और 9 रन बनाए हैं। उनका यह खराब फॉर्म टीम के प्रदर्शन में भी दिख रहा है, क्योंकि चेन्नई सुपर किंग्स अभी तक इस सीजन में एक भी मैच नहीं जीत पाई है और लगातार तीन हार झेल चुकी है।

अब सबकी नजरें सैमसन पर हैं कि वह जल्द ही अपनी लय में लौटें और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाएं। मैदान के बाहर उनका यह मानवीय चेहरा जरूर फैंस का दिल जीत रहा है, लेकिन टीम को उनकी बल्लेबाजी से भी बड़ी उम्मीदें हैं।

7