haribhoomi hindi news
RR vs RCB IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी ने आरसीबी के खिलाफ तूफानी पारी खेली। उनके 78 रन की बदौलत राजस्थान ने बड़ी आसानी से बेंगलुरु को हरा दिया। इसके बाद का एक वीडियो वायरल हो रहा, जिसमें रजत पाटीदार मजाक में वैभव की गर्दन पकड़े दिख रहे।

RR vs RCB IPL 2026: आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी का बल्ला आग उगल रहा। महज 15 साल की उम्र में यह युवा बल्लेबाज हर मैच के साथ खुद को भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा सितारा साबित कर रहा। शुक्रवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच में वैभव ने ऐसी तूफानी पारी खेली, जो सालों तक याद रखी जाएगी। 

गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में सूर्यवंशी ने 26 गेंदों में 78 रनों की तूफानी पारी खेली। उनकी इस पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उन्होंने जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार जैसे अनुभवी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत राजस्थान ने 202 रन का लक्ष्य सिर्फ 18 ओवर में हासिल कर लिया और 6 विकेट से जीत दर्ज की।

इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने टूर्नामेंट में लगातार चौथी जीत हासिल की और पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई। सूर्यवंशी की पारी इतनी खास रही कि दर्शक ही नहीं, विपक्षी खिलाड़ी भी उनके मुरीद हो गए।

मैच के बाद एक हल्का-फुल्का पल भी देखने को मिला, जब आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने मजाकिया अंदाज में सूर्यवंशी को गले से पकड़ लिया। यह उस शानदार पारी की तारीफ का ही एक तरीका था, जिसने आरसीबी की जीत का सिलसिला तोड़ दिया।

हालांकि, इतनी बेहतरीन पारी के बावजूद सूर्यवंशी खुद से पूरी तरह खुश नहीं दिखे। वह विराट कोहली के हाथों कैच आउट होने के बाद नाराज नजर आए। मैच के बाद उन्होंने कहा, 'अगर मैं और देर तक क्रीज पर रहता तो टीम के लिए 10-20 रन और जोड़ सकता था। कभी-कभी एक खराब शॉट टीम को नुकसान पहुंचा देता है, इसी वजह से मुझे थोड़ा अफसोस होता है।'

वैभव इस समय शानदार फॉर्म में हैं। वह 4 मैचों में 200 रन बनाकर ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे हैं। उनका औसत 50 और स्ट्राइक रेट 266.67 का है। इसके अलावा वह इस सीजन में सबसे ज्यादा 18 छक्के भी लगा चुके हैं। अब राजस्थान रॉयल्स का अगला मुकाबला 13 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होगा, जहां सभी की नजरें एक बार फिर इस युवा बल्लेबाज पर टिकी होंगी।

7