बेंगलुरु भगदड़ मामला: विराट पर FIR नहीं, पुलिस का स्पष्टीकरण; RCB और अन्य के खिलाफ कार्रवाई जारी

बेंगलुरु भगदड़ मामले में विराट कोहली पर कोई FIR दर्ज नहीं हुई है। पुलिस ने RCB, DNA एंटरटेनमेंट और KSCA के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई गिरफ्तारियां की हैं।
विराट कोहली को क्लीन चिट, जांच के घेरे में RCB और आयोजक
4 जून को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की पहली आईपीएल जीत के जश्न के दौरान मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत और 50 से अधिक घायल होने की घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया। इस हादसे को लेकर जहां एक ओर आयोजकों पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं विराट कोहली के खिलाफ भी एक सामाजिक कार्यकर्ता द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी।
कोहली पर FIR नहीं, पुलिस का बयान
बेंगलुरु पुलिस ने साफ किया है कि विराट कोहली के खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "शिकायत को स्वीकार कर लिया गया है, लेकिन इसे पहले से चल रही जांच में शामिल किया गया है।"
शिकायतकर्ता ने क्या कहा?
सामाजिक कार्यकर्ता एच. एम. वेंकटेश ने कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया कि विराट कोहली ने आईपीएल को "जुआ" बताया और RCB की जीत को बढ़ावा दिया, जिससे बड़ी संख्या में लोग जश्न में शामिल होने पहुंचे। वेंकटेश के मुताबिक, इसी भारी भीड़ के कारण भगदड़ जैसी स्थिति बनी।
घटना का विवरण: कैसे मची भगदड़?
घटना के दिन हजारों फैंस RCB की ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाने स्टेडियम के बाहर जमा हुए थे। भीड़ बहुत ज्यादा थी। भीड़ को नियंत्रण करने के लिए कोई पुख्ता इंतजाम भी नहीं किये गए थे। जिसके चलते 11 लोगों की जान चली गई और 50 से अधिक लोग घायल हुए। प्रत्यक्षदर्शियों ने भी बताया कि भीड़ को संभालने के लिए कोई स्पष्ट मार्गदर्शन या बैरिकेडिंग नहीं थी।
किसके खिलाफ हुई कार्रवाई?
बेंगलुरु पुलिस ने इस हादसे को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए निम्न पक्षों पर FIR दर्ज की है:
- RCB फ्रेंचाइजी
- इवेंट मैनेजमेंट कंपनी DNA एंटरटेनमेंट
- कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA)
इन पर गैर इरादतन हत्या, गैरकानूनी जमावड़ा, और लापरवाही जैसे गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। इसके अलावा:
RCB के मार्केटिंग हेड निखिल सोसले और DNA एंटरटेनमेंट के तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।