पंजाब के पूर्व मंत्री पर आतंकी हमला: बदमाशों ने आधी रात घर पर फेंका ग्रेनेड; बाल-बाल बचे मनोरंजन कालिया

Terrorist attack on Manoranjan Kalia
X
Terrorist attack on Manoranjan Kalia
पंजाब के जालंधर से बड़ी खबर है। पूर्व कैबिनेट मंत्री और भाजपा (BJP) के वरिष्ठ नेता मनोरंजन कालिया के घर पर सोमवार (7 अप्रैल) देर रात आतंकी हमला हुआ।

Terrorist attack on Manoranjan Kalia: पंजाब से बड़ी खबर है। जालंधर में पूर्व कैबिनेट मंत्री और भाजपा (BJP) के वरिष्ठ नेता मनोरंजन कालिया के घर पर सोमवार (7 अप्रैल) देर रात आतंकी हमला हुआ। ई-रिक्शा और बाइक से आए 3 बदमाशों ने रात 1.15 बजे पूर्व मंत्री के घर में हैंड-ग्रेनेड फेंका। आंगन में धमाका होते ही हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हमला किसने और क्यों किया? जांच के बाद ही तस्वीर साफ होगी। घटना में किसी को चोट नहीं आई है।

पूर्व मंत्री और परिवार सो रहा था
पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया जालंधर के सबसे प्रमुख शास्त्री मार्केट चौक के पास रहते हैं। रात को पूर्व मंत्री, बहन, बच्चों सहित परिवार के अन्य सदस्य घर में सो रहे थे। रात करीब 1.07 बजे 3 युवक पूर्व मंत्री के घर ई-रिक्शा और बाइक से आए। बदमाशों ने कालिया के घर के बाहर ई-रिक्शा को रुकवाया। इसके बाद आरोपी ने ग्रेनेड नुमा चीज मंत्री के घर के अंदर फेंक दी। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। घर के अंगन में धमाका होते ही हड़कंप मच गया।

आरोपियों की तलाश की जा रही है
सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर सहित भारी पुलिस बल और फोरेंसिक टीम पहुंची। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने कहा कि पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया के घर पर विस्फोट हुआ है। मामले में FIR दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों का रूट खंगाला जा रहा है। एरिया सिक्योर कर दिया है। सुरक्षा बढ़ा दी है। फिलहाल ये ग्रेनेड है या कुछ और, इस पर फोरेंसिक टीम जांच कर रही हैं। हमला किसने और क्यों किया? जांच के बाद ही पता चलेगी।

मुझे लगा कि ये गड़गड़ाहट की आवाज है
भाजपा नेता मनोरंजन कालिया ने कहा कि रात 1 बजे धमाका हुआ। मैं सो रहा था, मुझे लगा कि ये गड़गड़ाहट की आवाज है। बाद में मुझे बताया गया कि धमाका हुआ है। इसके बाद मैंने अपने गनमैन को पुलिस स्टेशन भेजा। CCTV की जांच की जा रही है, फोरेंसिक विशेषज्ञ भी यहां मौजूद हैं। घर में पार्टीशन के लिए लगाया गया दरवाजा और गाड़ी बुरी तरह टूट चुकी थी। घर के अंदर लगी सभी फोटो और अन्य सामान नीचे गिर गया था।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story