haribhoomi hindi news
Firing on Ramkripal Yadav: पटना में पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी रामकृपाल यादव पर फायरिंग, एक समर्थक घायल। हमलावर फरार, पुलिस जांच में जुटी।

Firing on Ramkripal Yadav: पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कैंडिडेट रामकृपाल यादव पर शनिवार 1 जून को फायरिंग की घटना हुई। जानकारी के अनुसार, मसौढ़ी से लौटते वक्त अज्ञात अपराधियों ने उन पर कई राउंड फायरिंग की। हालांकि, रामकृपाल यादव इस हमले में सुरक्षित बच गए, लेकिन उनके साथ कार में बैठे एक समर्थक को चोटें आई हैं। पुलिस ने माैके पर पहुंच कर छानबीन की और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पिंजड़ी गांव के बाहर हुआ हमला
रामकृपाल यादव ने बताया कि उन्हें बूथ पर अवैध तरीके से एक महिला विधायक के घुसने की सूचना मिली थी। वह उसी का निरीक्षण कर लौट रहे थे और तिनेरी गांव में समर्थकों से मिलने गए थे। अचानक पिंजड़ी गांव के बाहरी इलाके में 20 से 25 लोगों ने घेरकर उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने ईंट-पत्थर के साथ-साथ फायरिंग भी की। यादव के मुताबिक, एक समर्थक ने उन्हें बचाने की कोशिश की, जिसे बंदूक के बट से पीटा गया।

पुलिस ने इस घटना पर क्या कहा? 

  • मसौढ़ी एसडीएम अमित कुमार पटेल ने बताया कि सांसद रामकृपाल यादव कुछ समर्थकों के साथ तिनेरी गांव गए थे। चुनाव खत्म होने के कुछ देर बाद अचानक उन पर हमला हो गया। हमले में सांसद बाल-बाल बच गए। हालांकि, सांसद के साथ साथ चल रहे दो लोग घायल हो गए। पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है।
  • पटना पूर्वी एसपी भरत सोनी ने बताया कि रामकृपाल यादव के काफिले पर हमले की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा, "कार्यकर्ता घायल हुए हैं। रामकृपाल यादव की ओर से शिकायत की गई है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, वो साझा किए जाएंगे। इस मामले के आरोपियों की पहचान की जा रही है। सांसद पर हमला करने वालों सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मामले में दर्ज की गई एफआईआर
एसएसपी राजीव मिश्रा ने बताया कि सांसद ने अपनी शिकायत में कहा है कि उनके काफिले पर हमला किया गया। इस दौरान गोली भी चलाई गई। शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। एफआईआर में 9 लोगों काे नामजद किया गया है। घटना शनिवार शाम 7:30 बजे के बाद की है। मसौढ़ी में वोटिंग शांतिपूर्ण तरीके से 6 बजे खत्म हो चुका था।

सांसद के पीए ने दी घटना की जानकारी
रामकृपाल यादव के पीए रणधीर कुमार ने बताया कि चुनाव खत्म होने के बाद सांसद का काफिला तिनेरी गांव से जमालपुर गांव जा रहा थे। इसी दौरान गोपालपुर मठ के करीब कुछ युवक हथियार लेकर सांसद की गाड़ी के पास पहुंच गए। इन युवकों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। करीब चार राउंड फायरिंग की गई, हालांकि सांसद रामकृपाल यादव को कोई नुकसान नहीं हुआ। इस हमले के बाद गाड़ी के पीछे बाइक से आ रहे समर्थकों पर ग्रामीणों पत्थर बरसाना शुरू कर दिया। पत्थराबाजी में दो युवक घायल हो गए। सांसद रामकृपाल यादव सुरक्षित हैं। 

7