Logo
election banner
BJP On Misa Bharti And Kawasi Lakhma: लालू यादव की बेटी मीसा भारती और छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेता कवासी लखमा का बयान वायरल है। भाजपा ने दोनों नेताओं पर पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष का प्रचार अपने निचले स्तर पर है।

BJP On Misa Bharti And Kawasi Lakhma: लोकसभा चुनाव की सरगर्मियां बढ़ते ही नेताओं की जुबान पर भी गर्माहट आ गई है। बिहार में राष्ट्रीय जनता दल यानी आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी डॉक्टर मीसा भारती का एक बड़ा बयान सामने आया है। पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से प्रत्याशी मीसा भारती ने मनेर में कहा कि अगर जनता ने मौका दिया और इंडिया गठबंधन की सरकार सत्ता में आई तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर भाजपा के कई नेता जेल के अंदर होंगे। 

उधर, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमी तो मीसा भारती से एक कदम आगे निकल गए। उन्होंने बीजापुर जिले के कुटरू में 2 दिन पहले ऐलान किया कि कवासी लखमा जीतेगा और नरेंद्र मोदी मरेगा। लखमा ने यह बातें क्षेत्रीय बोलीं गोंडी में कही। कहा कि कवासी लखमा जीतोड़, नरेंद्र मोदी ढोलतोर। अब उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अब दोनों के बयानों को सुनिए...

सुनिए मीसा भारती ने क्या कहा?

सुनिए कवासी लखमा ने क्या कहा?

दोनों बयानवीरों को जानिए

कौन हैं मीसा भारती: लालू यादव की बड़ी बेटी मीसा भारती पेशे से डॉक्टर हैं। उन्होंने मेडिकल की पढ़ाई की है। मीसा तीसरी बार पाटलिपुत्र से चुनाव लड़ रही हैं। बीते 2 चुनाव मं राम कृपाल यादव ने उन्हें हराया। आरजेडी ने दो बार राज्यसभा भेजा है।

कौन हैं कवासी लखमा: कवासी लखमा को छत्तीसगढ़ का राहुल गांधी बताया जाता है। वह कोंटा विधानसभा सीट से लगातार 6 बार के विधायक हैं। उन्हें कांग्रेस ने बस्तर से लोकसभा प्रत्याशी बनाया है। पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। 

भाजपा ने कहा- क्या सपने हैं मुंगेरीलाल के?

डॉ. मीसा भारती के बयान पर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि पहले मीसा भारती को अपने और अपने परिवार के बारे में सोचना चाहिए। ये लोग कई तरह के घोटालों और भ्रष्टाचारों में फंसे हुए हैं। ये वो आरोप नहीं हैं जो हमने लगाए हैं। अदालत ने उन्हें सजा दी है। उन्हें ऐसी बातें कहकर लोकतंत्र और न्यायपालिका का मज़ाक उड़ाना बंद करना चाहिए।

बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने कहा कि विपक्ष के प्रचार का स्तर इतना नीचे आ गया है कि वे मोदी जी मरेगा की बात कर रहे हैं। लालू जी की बेटी और राजद की मीसा जी ने कहा है कि मोदी जी को जेल भेजा जाएगा। देश सुनना चाहता है कि भ्रष्टाचारियों को जेल भेजा जाएगा या नहीं। विपक्ष का अभियान इस स्तर पर है कि कोई नेताओं को जेल भेजने की बात कर रहा है और कोई मौत की बात कर रहा है।

भाजपा प्रवक्ता अजय आलोक ने कहा कि सरकार बनेगी तो प्रधानमंत्री और सब भाजपा नेता जेल चले जाएंगे...अरे बाप रे आप। क्या मंसूबे हैं। क्या सपने हैं मुंगेरीलाल के? दिन भी ख्वाब दिखता है क्या सरकार बनाने का। काम करिए। कानून का राज है कानून का राज चलेगा। जो भ्रष्टाचार है वो बचेगा नहीं।

5379487