राहुल गांधी को ममता बनर्जी की चुनौती: हिम्मत है तो BJP को UP और MP में हराएं, लोकसभा की 40 सीटें भी नहीं जीत पाएगी कांग्रेस

Mamta Banerjee Challenges Rahul Gandhi
X
ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस अगले लोकसभा चुनाव में 40 सीटें भी नहीं जीत पाएगी।
Mamta Banerjee Challenges Rahul Gandhi:पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को राहुल गांधी को चुनौती दी कि वह उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान में चुनाव जीत कर दिखाएं। ममता ने कहा कि अगले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस 40 सीटें भी नहीं जीत पाएगी।

Mamta Banerjee Challenges Rahul Gandhi:पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को खुली चुनौती दी। ममता बनर्जी ने कहा कि अगर हिम्मत है तो बीजेपी को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान में हराकर दिखाएं। ममता ने सवाल किया कि जिस समय मणिपुर हिंसा की आग में जल रहा था, आप कहां थे? उस समय मैंने ही मणिपुर में टीम भेजी थी।

'40 से ज्यादा सीटों पर जीत नहीं मिलेगी'
तृणमूल नेता ने कहा कि मैंने प्रस्ताव दिया था कि कांग्रेस देश भर में 300 सीटों से चुनाव लड़े। हालांकि, उन्होंने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया। अब वह राज्य में मुस्लिम वोटर को लुभाने पहुंचे हैं। मुझे तो शक है कि अगर कांग्रेस 300 सीटों से भी चुनाव लड़ती है तो भी मुश्किल से 40 सीटें ही जीत पाएगी। बता दें कि राहुल गांधी फिलहाल अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के साथ पश्चिम बंगाल में है। वह बंगाल के छह जिलों में यात्रा कर रहे हैं।

राज्य में फोटो खिंचवाने पहुंचे हैं राहुल गांधी
ममता बनर्जी ने कहा कि हम गठबंधन करने के लिए तैयार थे। हमने उन्हें (कांग्रेस) दो सीटों की पेशकश भी की थी, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया। अब वह सभी 42 सीटों से चुनाव लड़ेंगे। इसके बाद से हमारे बीच में कोई बातचीत नहीं हुई है। राहुल गांधी के राज्य के बीड़ी श्रमिकों से मिलने पर ममता बनर्जी ने कहा कि यह सिर्फ एक फोटो खिंचवाने का मौका था। टीएमसी नेता ने कहा कि राहुल गांधी किसी प्रवासी पक्षी की तरह राज्य में आए हैं।

पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस 2 सीटें ही जीत पाई थी
ममता कांग्रेस पर इससे पहले भी निशाना साध चुकी हैं। उन्होंने कांग्रेस पर सीपीएम के साथ मिलकर भाजपा को फायदा पहुंचाने का भी आरोप लगाया था। बता दें कि 2019 के लोकसभा चुनाव में राज्य में तृणमूल ने 22 सीटें जीती थीं, वहीं, बीजेपी के खातें में 18 सीटें आईं थीं। कांग्रेस सिर्फ 2 सीटों पर ही जीत हासिल कर पाई थी। ममता बनर्जी कांग्रेस को अगले लोकसभा चुनाव में सीट शेयरिंग के तहत यही दो सीटें ऑफर की थी।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story