Logo
election banner
Lok Sabha election 2024: भारतीय जनता पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए पहली लिस्ट में 195 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। भाजपा ने भोजपुरी सिंगर पवन सिंह को आसनसोल से टिकट दिया है तो वहीं निरहुआ को आजमगढ़ से उम्मीदवार बनाया है।

Lok Sabha election 2024: भारतीय जनता पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी कर दिया है। भोजपुरी स्टार पवन सिंह को भाजपा ने आसनसोल से उम्मीदवार बनाया है, तो वहीं दिनेश लाल निरहुआ को आजमगढ़ से टिकट मिला है। पवन सिंह पहले ही कह चुके थे कि वह इस बार लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। अब आखिरकार भाजपा से उन्हें टिकट मिल गया है।

पवन सिंह की राजनीति में एंट्री
मनोज तिवारी, रवि किशन, निरहुआ के बाद अब पवन सिंह की राजनीति में एंट्री हो गई है। ये सभी भोजपुरी के मशहूर सिंगर और एक्टर हैं, जिन्हें भाजपा ने राजनीति में एक अलग पहचान बनाने का मौका दिया है। मनोज तिवारी उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोक सभा निर्वाचन क्षेत्र से सांसद हैं और भाजपा ने उन्हें फिर से अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, रवि किशन गोरखपुर से सांसद हैं। भाजपा ने एक बार फिर उनपर भरोसा जताया है और उन्हें गोरखपुर से टिकट दिया है। निरहुआ को भी एक बार फिर आजमगढ़ से भारतीय जनता पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है। पवन सिंह पहली बार चुनाव लड़ेंगे और देखना होगा कि वह राजनीति में कितना सफल होंगे।

TMC सांसद शत्रुघ्न सिन्हा से होगा पवन सिंह का मुकाबला
पवन सिंह का मुकाबला टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा से हो सकता है। वर्तमान में आसनसोल लोकसभा क्षेत्र से शत्रुघ्न सिन्हा सांसद हैं और ऐसी संभावना है कि ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस एक बार फिर सिन्हा को टिकट दे सकती है।

पवन सिंह ने पार्टी का जताया आभार
एक्टर और सिंगर पवन सिंह ने लोकसभा का टिकट मिलने पर पार्टी का आभार जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, ''शीर्ष नेतृत्व को दिल से धन्यवाद।'' पोस्ट में पवन सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित पार्टी के दिग्गज नेताओं को टैग किया है।

आजमगढ़ जीतने को तैयार निरहुआ
पवन सिंह के अलावा, भाजपा ने कई अन्य भोजपुरी स्टार को लोकसभा का टिकट दिया है। कहा जा रहा था कि बीजेपी आजमगढ़ के सांसद दिनेश लाल निरहुआ का टिकट काट सकती है, लेकिन संभावनाओं को गलत ठहराते हुए भाजपा ने एक बार फिर निरहुआ पर भरोसा जताया है। भोजपुरी स्टार की लिस्ट में रवि किशन और मनोज तिवारी का भी नाम शामिल है, जिन्हें भारतीय जनता पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है। रवि किशन को गोरखपुर तो मनोज तिवारी को पूर्वी दिल्ली से उम्मीदवार बनाया है।

5379487