Aaj Ka Mausam: पूर्वोत्तर में ओलावृष्टि और दक्षिण में बारिश, उत्तर भारत में हीटवेव का अलर्ट; राजस्थान में 45 डिग्री पहुंचा पारा 

aaj ka mausam, Heatwave Alert IMD Forecast
X
Heatwave Alert: राजस्थान, एमपी यूपी, हरियाणा और दिल्ली में आज का मौसम
Aaj Ka Mausam: मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान सहित देश के अधिकांश राज्यों में सोमवार (7 अप्रैल) को हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है।

Aaj Ka Mausam: राजस्थान, मध्य प्रदेश और हरियाणा सहित उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने सोमवार (7 अप्रैल) को राजस्थान के 14 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। बाड़मेर और जैसलमेर में रविवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बाड़मेर में अप्रैल के पहले सप्ताह इतनी गर्मी पिछले 26 सालों में नहीं पड़ी। गर्मी का यह सिलसिला अभी जारी रहेगा।

राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं के चलते मध्य प्रदेश, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भी भीषण गर्मी शुरू हो गई है। भोपाल में रविवार को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्यत: मई-जून में हुआ करता था। सीजन का यह सर्वाधिक तापमान है। रविवार को मध्य प्रदेश के 13 जिलों में तापमान 40 से 42.2 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने सोमवार को मंदसौर, नीमच, भिंड, मुरैना, श्योपुर और रतलाम जिले में लू का अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली में 41 डिग्री पहुंच सकता है तापमान
दिल्ली और हरियाणा में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है। दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री दर्ज किया गया। जो कि सामान्य से 3.1 डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री कम (18.5 डिग्री सेल्सियस) रहा। मौसम विभाग ने सोमवार को हीटवेव चलने की आशंका जताई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 41 डिग्री के आसपास रह सकता है।

यह भी पढ़ें: दिल्ली में भीषण गर्मी ने किया कब्जा: इस हफ्ते खराब रहेंगे हालात, लू के लिए येलो अलर्ट जारी

हरियाणा के 17 जिलों में हीटवेव
मौसम विभाग ने सोमवार को हरियाणा के 17 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान यहां अधिकतम तापमान 37 से 40 डिग्री तक रहेगा। जबकि, न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, जींद, पानीपत, सोनीपत, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, फरीदाबाद, मेवात और पलवल जिले में गर्म हवाएं चलेंगी।

यह भी पढ़ें: हरियाणा के 17 जिलों में हीट वेव का येलो अलर्ट जारी, 40°C तक पहुंच सकता है तापमान

UP और गुजरात का मौसम
मौसम विभाग ने अगले 11 दिन उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों में लू चलने की आशंका जताई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 40 डिग्री के करीब रह सकता है। राजस्थान और गुजरात के कुछ जिलों में 10 अप्रैल तक अधिकतम तापमान 42 डिग्री से अधिक रहने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश में रविवार को 10 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक रिकॉर्ड किया गया। जून तक तापमान सामान्य से अधिक और हीटवेव की आशंका है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story