BJP Manifesto Tamil Nadu Election 2026: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार, 14 अप्रैल को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है। चेन्नई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता जेपी नड्डा ने इस दस्तावेज को सार्वजनिक किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन, के. अन्नामलाई और तमिलिसाई सौंदरराजन जैसे दिग्गज नेता भी मौजूद रहे। भाजपा ने अपने घोषणापत्र में जन कल्याण, स्वास्थ्य और वित्तीय स्थिरता पर विशेष जोर दिया है।
महिलाओं और परिवारों के लिए बड़े वादे
भाजपा ने महिला वोटरों को लुभाने के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। संकल्प पत्र के अनुसार, सत्ता में आने पर परिवार की महिला मुखिया को हर महीने 2000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा, हर घर को 10,000 रुपये की एकमुश्त वित्तीय मदद और मुफ्त एलपीजी (LPG) सिलेंडर देने का वादा भी किया गया है। महिलाओं को ई-स्कूटर खरीदने के लिए 25,000 रुपये की सहायता और घर खरीदने पर स्टाम्प ड्यूटी में 3 प्रतिशत की छूट देने की बात कही गई है।
🔴LIVE | பாஜக தாமரை வாக்குறுதி 2026 | தமிழக சட்டமன்றத் தேர்தலுக்கான பாஜகவின் தேர்தல் அறிக்கை வெளியீட்டு விழா#தாமரை_வாக்குறுதி #TNBJPManifesto https://t.co/mHA6ezpAnk
— BJP Tamilnadu (@BJP4TamilNadu) April 14, 2026
सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर फोकस
राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा ने 'जीरो एफआईआर' रिपोर्टिंग सिस्टम शुरू करने का वादा किया है। जघन्य अपराधों के निपटारे के लिए फास्ट-ट्रैक अदालतों की स्थापना की जाएगी। साथ ही, स्कूलों, विश्वविद्यालयों और बसों में सुरक्षा बढ़ाने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे ताकि 'ब्लाइंड स्पॉट्स' को खत्म किया जा सके। स्वयं सहायता समूहों और एमएसएमई (MSME) के लिए 50 लाख रुपये तक के ब्याज मुक्त ऋण का प्रावधान भी घोषणापत्र में शामिल है।
किसानों और जल्लीकट्टू प्रेमियों को सौगात
किसानों के लिए भाजपा ने केंद्र की योजना के अलावा 3,000 रुपये की अतिरिक्त सहायता का वादा किया है, जिससे उन्हें सालाना कुल 9,000 रुपये मिलेंगे। तमिलनाडु की संस्कृति से जुड़े जल्लीकट्टू खेल को लेकर भी बड़ी घोषणाएं हुई हैं। जल्लीकट्टू के बैलों का पालन-पोषण करने वालों को हर महीने 2,000 रुपये दिए जाएंगे। वहीं, खेल के दौरान किसी प्रतिभागी की मृत्यु होने पर परिजनों को 10 लाख रुपये का मुआवजा देने का वादा किया गया है।
तमिलनाडु चुनाव 2026 का समीकरण
तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों पर 23 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होना है, जबकि वोटों की गिनती 4 मई को होगी। राज्य में करीब 5.67 करोड़ पंजीकृत मतदाता हैं। इस बार के चुनाव में मुख्य मुकाबला डीएमके (DMK), एआईएडीएमके (AIADMK), भाजपा, विजय की पार्टी टीवीके (TVK) और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है।










