पटना: बिहार में आज बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिल रहा है। करीब 20 साल बाद राज्य को नया मुख्यमंत्री मिलने जा रहा है। सम्राट चौधरी आज सुबह 10:50 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वे भाजपा के पहले और राज्य के 24वें मुख्यमंत्री बनेंगे।
उनके साथ दो डिप्टी सीएम भी मंत्री पद की शपथ लेंगे। इस बड़े राजनीतिक घटनाक्रम का गवाह बनने के लिए एनडीए के कई दिग्गज नेता पटना पहुंच रहे हैं।
शपथग्रहण समारोह लोक भवन में आयोजित किया जा रहा है, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चिड़ियाघर गेट नंबर-2, राजेंद्र चौक, बीपी मंडल गोलंबर, अणे मार्ग, सर्कुलर रोड और नेहरू पथ सहित कई इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
बिहार पुलिस और यातायात पुलिस ने मिलकर पूरे क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर दी है। सुबह 7 बजे से समारोह समाप्त होने तक आम वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। केवल वीवीआईपी, मीडिया और आमंत्रित लोगों को ही निर्धारित मार्गों से आने की अनुमति दी गई है।
इस बीच राज्य की राजनीति में विजय चौधरी का नाम भी चर्चा में है। वे जेडीयू के वरिष्ठ नेता हैं और लंबे समय से बिहार विधानसभा में सक्रिय रहे हैं। वित्त, शिक्षा, कृषि और ग्रामीण विकास जैसे अहम विभाग संभाल चुके विजय चौधरी को साफ-सुथरी छवि वाले नेता के रूप में जाना जाता है। आज का दिन बिहार की राजनीति के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इससे राज्य की सत्ता और नीतियों की दिशा तय होगी।










